जिले के बमोरी थाना अंतर्गत ग्राम भूराचक (रामपुर) में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहाँ रामपुर डैम की नहर में फिसलने से 7 वर्षीय स्कूली छात्र कृष्णा ओझिया की डूबने से मौत हो गई। पूरी रात चले गहन सर्च ऑपरेशन के बाद शुक्रवार सुबह मासूम का शव बरामद हुआ है। इस घटना के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर है। जानकारी के अनुसार ग्राम भूराचक निवासी बद्रीलाल ओझिया का 7 वर्षीय पुत्र कृष्णा, जो क्लास 2 का छात्र था, गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे स्कूल के पास स्थित नहर के किनारे गया था। रामपुर डैम से आने वाली इस नहर का बहाव काफी तेज था। प्रत्यक्षदर्शी बच्चों के अनुसार, खेलते समय अचानक कृष्णा का पैर फिसल गया और वह तेज बहाव की चपेट में आ गया। अन्य बच्चों ने तत्काल शोर मचाकर परिजनों और ग्रामीणों को सूचित किया। रात भर चला रेस्क्यू, जाल की मांग तेज सूचना मिलते ही बमोरी पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा। सबसे पहले नहर के पानी को बंद कराया गया और गोताखोरों व ग्रामीणों की मदद से रात भर सर्चिंग जारी रही। शुक्रवार सुबह घटनास्थल से कुछ दूरी पर कृष्णा का शव मिला। स्थानीय निवासी चंद्रसिंह लोधा ने बताया कि नहर के पास से ही मुख्य रास्ता निकलता है और स्कूल नजदीक होने के कारण बच्चे अक्सर वहां पहुंच जाते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि नहर पर सुरक्षा जाली लगाई जाए, क्योंकि यहाँ आए दिन मवेशी और इंसानों के गिरने का खतरा बना रहता है। परिवार का बड़ा बेटा था कृष्णा कृष्णा दो भाइयों में बड़ा था। उसकी मौत की खबर सुनते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शुक्रवार को जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


