आधी रात खाना नहीं दिया तो 10 ने की मारपीट:सतना में ढाबा संचालक पर हमला, लाठी-डंडों से मारा, चार नामजद समेत 10 पर FIR

सतना में बदखर बायपास रोड स्थित स्वादिष्ट रसोई ढाबा में गुरुवार देर रात जमकर हंगामा हुआ। खाना देने से मना करने पर चार नामजद युवकों सहित करीब 10 लोगों ने ढाबा संचालक आयुष सिंह पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में आयुष सिंह के सिर और दोनों हाथों में गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोलगवां थाना में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, फरियादी आयुष सिंह (26 वर्ष), पिता अमित सिंह, निवासी बिड़ला कॉलोनी सतना ने बताया कि गुरुवार रात करीब 1 बजे वह अपने ढाबा ‘स्वादिष्ट रसोई’ में कर्मचारियों के साथ खाना खाकर ढाबा बंद कर रहा था। तभी एक सफेद रंग की कार (MP 19 ZE 2050) और एक सफेद रंग की अल्टो कार ढाबे के बाहर आकर रुकीं। अल्टो कार में पीयूष गौतम (निवासी कोटर) और सौरभ द्विवेदी (निवासी भरहुत नगर) सवार थे, जबकि अल्ट्राज कार में सत्यजीत सिंह और अतुल परिहार बैठे थे। इन चारों युवकों के साथ लगभग 10 अन्य लोग भी थे। सभी ने ढाबा संचालक से खाना देने को कहा, लेकिन आयुष सिंह ने ढाबा बंद होने का हवाला देते हुए खाना देने से इनकार कर दिया। ढाबे में तोड़फोड़, पुलिस देख हुए फरार खाना न मिलने पर आरोपी पानी पीने के बहाने हाथों में डंडे लेकर ढाबे के अंदर घुस गए। उन्होंने ढाबा संचालक आयुष सिंह को गालियां देते हुए हाथ-मुक्कों और डंडों से हमला कर दिया। आयुष के शोर मचाने पर उनके दोस्त विनाश कुमार दीक्षित और ढाबे के कर्मचारी राजेश अहिरवार, सतीश अहिरवार और लकी अहिरवार बीच-बचाव के लिए आए। इसी दौरान आयुष सिंह ने अपने मोबाइल से डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस वाहन को आता देख, आरोपी ढाबे में तोड़फोड़ करते हुए अपनी-अपनी कारों से सतना बाजार की ओर भाग गए। मारपीट में आयुष सिंह के दोनों हाथों और सिर में गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में उपचार दिया गया और बाद में छुट्टी दे दी गई। थाना कोलगवां पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर आरोपियों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज, तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *