चित्तौड़गढ़ जिले में मौसम विभाग ने तेज ठंड और शीतलहर की संभावना जताई है। लगातार बढ़ती ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन ने छोटे बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर एक फैसला लिया है। चित्तौड़गढ़ जिले में कक्षा 1 से 8 तक पढ़ने वाले बच्चों को ठंड से बचाने के लिए एक दिन की छुट्टी और स्कूल समय में बदलाव किया गया है। यह फैसला बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखकर लिया गया है। 10 जनवरी को कक्षा 1 से 8 तक की छुट्टी अतिरिक्त जिला कलेक्टर प्रभा गौतम ने बताया कि जिले के सभी सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों तथा आंगनवाड़ी केंद्रों में पढ़ने वाले कक्षा 1 से 8 तक के बच्चों के लिए 10 जनवरी को एक दिन की छुट्टी घोषित की गई है। यह अवकाश सिर्फ बच्चों के लिए रहेगा। ठंड के कारण बच्चों को सुबह घर से निकलने में परेशानी न हो, इसी को ध्यान में रखकर यह फैसला लिया गया है। 12 जनवरी से स्कूलों का बदला समय प्रशासन के आदेश के अनुसार 12 जनवरी से जिले में कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूलों का समय बदल दिया गया है। अब बच्चे सुबह 11 बजे स्कूल आएंगे और शाम 4 बजे तक पढ़ाई होगी। सुबह के समय ज्यादा ठंड रहने के कारण यह समय तय किया गया है, ताकि बच्चों को ठंड से बचाया जा सके। स्टाफ के लिए शनिवार को नहीं होगी छुट्टी जिला प्रशासन ने साफ किया है कि यह छुट्टी का आदेश सिर्फ बच्चों के लिए है। स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्रों में काम करने वाले शिक्षक और कर्मचारी समय पर स्कूल आएंगे। स्कूलों में व्यवस्थाएं सही बनी रहें, इसके लिए स्टाफ की उपस्थिति जरूरी रहेगी। संस्था प्रधानों को आदेश मानने के निर्देश जिले के सभी स्कूलों के संस्था प्रधानों को आदेश की पूरी तरह से पालना करने के निर्देश दिए गए हैं। अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने कहा कि यदि कोई स्कूल इस आदेश का पालन नहीं करता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने साफ कहा है कि बच्चों की सुरक्षा सबसे जरूरी है।


