फाजिल्का में स्कूल के पास गिरा ड्रोन:पुलिस बोली- बच्चों का खिलौना होने का अनुमान, लेकिन कैमरा लगा होने से जांच

फाजिल्का के जैन स्कूल के नजदीक एक ड्रोन गिरा है। घर के बाहर गिरे ड्रोन को एक बच्चे ने देखा और उसने अपने दादा को बताया। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पीसीआर और गाड़ियों में सवार होकर पहुंची पुलिस ने घर के बाहर गिरे ड्रोन को अपने कब्जे में ले लिया और जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि यह बच्चों के खेलने वाला ड्रोन लग रहा है, जो बैटरी खत्म होने से गिर गया। हालांकि, इसमें कैमरा लगा है, इसलिए जांच की जा रही है। कोई ड्रोन लेने नहीं आया, इसलिए शक: मोहल्ला वासी राजिंदर कुमार ने बताया कि उनके पोते ऋत्विक ने उन्हें आकर बताया कि घर के बाहर गेट के पास एक ड्रोन गिरा पड़ा है। उन्होंने आकर देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ड्रोन को अपने साथ लेकर चली गई। मोहल्ला वासी के मुताबिक, उनके घर के बाहर ये ड्रोन करीब तीन से चार घंटे तक पड़ा रहा, लेकिन उसे उठाने कोई नहीं आया। आखिरकार पुलिस उसे उठा ले गई। खेलने वाला ड्रोन है, लेकिन इसमें कैमरा लगा है, इसलिए जांच: पुलिस अधिकारी सरवन सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि जैन स्कूल के नजदीक ड्रोन गिरा है। वे दो मिनट में मौके पर पहुंचे। यह बच्चों के खेलने का ड्रोन है। ऐसा लग रहा है कि यह ड्रोन कोई बच्चा इस्तेमाल कर रहा था, जिसकी बैटरी खत्म हो गई और वह गिर गया। इसे लेने कोई नहीं आया, इसलिए जांच की जा रही है। अगर मोहल्ले का कोई बच्चा ड्रोन उड़ा रहा होता, तो वह लेने जरूर आता। पुलिस अधिकारी का कहना है कि देखने में यह बच्चों का खिलौना लग रहा है, लेकिन इसमें कैमरा भी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *