केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शुक्रवार को बदरवास से शिवपुरी-कोलारस तक कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में डाकघर, सड़क, बिजली और पंचायत व्यवस्था से संबंधित 16 करोड़ रुपए से अधिक के कार्य शामिल हैं। बदरवास में 0.81 लाख रुपए की लागत से निर्मित एक आधुनिक उप-डाकघर का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर मंत्री सिंधिया ने कहा कि यह ऐतिहासिक पोस्ट ऑफिस अब आधुनिक स्वरूप में जनता को सेवाएं प्रदान करेगा। उन्होंने बताया कि वर्ष 2009 से चल रहे डाक आधुनिकीकरण अभियान के तहत क्षेत्र के 50 पोस्ट ऑफिस का कायाकल्प हो चुका है। डाकिया अब बैंक भी लेकर आता है
सिंधिया ने जोर देकर कहा कि आज का डाकिया केवल चिट्ठी ही नहीं, बल्कि बैंक भी लेकर आता है। उन्होंने बताया कि पोस्ट ऑफिस सेविंग्स बैंक, बीमा योजनाएं और सुकन्या समृद्धि योजनाएं ग्रामीण परिवारों की आर्थिक सुरक्षा को मजबूत आधार प्रदान कर रही हैं। मंत्री सिंधिया ने केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ हुए दो महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों (एमओयू) का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि इन एमओयू से किसानों और महिलाओं को सीधा लाभ मिलेगा। पहले एमओयू के तहत खाद की रियल टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी, जिससे इसकी पारदर्शी और समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित होगी। दूसरा एमओयू ग्रामीण महिलाओं को इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के माध्यम से प्रशिक्षण देकर गांव-गांव में खाते खोलने की जिम्मेदारी देगा, जिससे महिलाएं प्रतिमाह 15,000 से 30,000 रुपए तक की आय अर्जित कर सकेंगी। पंचायत भवन और विद्युत उपकेंद्र का भी लोकार्पण
अपने दूसरे दिन के प्रवास के दौरान, मंत्री सिंधिया ने शिवपुरी और कोलारस क्षेत्र में 16 करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में पंचायत भवन, सड़क निर्माण और तीन विद्युत उपकेंद्र शामिल हैं। लुकवासा ग्राम पंचायत में नवनिर्मित पंचायत भवन का भी लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर सिंधिया ने कहा कि यह भवन ग्राम स्वराज और जनसेवा का प्रतीक है। आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह भवन डिजिटल रिकॉर्ड, नागरिक सेवाओं और प्रशिक्षण के केंद्र के रूप में कार्य करेगा। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 14.20 किमी लंबी टोंगरा-कुड़ापाडोण-रूहानी-दरगवां सड़क का लोकार्पण किया गया। इस सड़क से 250 से अधिक घरों और करीब 4,500 लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य और बाजार तक बेहतर पहुंच मिलेगी। कोलारस में बिजली ढांचे को मजबूती
कोलारस विधानसभा क्षेत्र में तीन नए 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्रों का शिलान्यास किया गया। बसई: 2.50 करोड़
कुढ़ाराई: 2.40 करोड़
टोंगरा: 2.34 करोड़
मंत्री ने बताया कि क्षेत्र में अब 18 उपकेंद्र कार्यरत या निर्माणाधीन हैं और 132 केवी उपकेंद्र की स्वीकृति प्रक्रिया भी प्रगति पर है। 4G नेटवर्क पर बड़ा ऐलान
बदरवास में कार्यक्रम के दौरान सिंधिया ने घोषणा की कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जून 2026 तक देश के हर गांव में 4G नेटवर्क की सुविधा पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि 120 करोड़ मोबाइल उपभोक्ताओं वाले भारत में गांव-गांव तक 4G पहुंचना ग्रामीण भारत को डिजिटल रूप से सशक्त करेगा।


