भास्कर अपडेट्स:CDS बोले- पाकिस्तान जल्दबाजी में संविधान संशोधन कर रहा, यह ऑपरेशन सिंदूर की नाकामी का सबूत

चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल अनिल चौहान ने शुक्रवार को कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान द्वारा जल्दबाजी में किए गए संविधान संशोधन यह दिखाते हैं कि उस ऑपरेशन में पाकिस्तान के लिए सब कुछ ठीक नहीं रहा। पुणे पब्लिक पॉलिसी फेस्टिवल में बोलते हुए उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को इस ऑपरेशन में कई कमियां और कमजोरियां सामने आईं, इसलिए उसने अपने रक्षा ढांचे में बदलाव किए। उन्होंने साफ किया कि ऑपरेशन सिंदूर अभी खत्म नहीं हुआ है, बल्कि सिर्फ अस्थायी रूप से रोका गया है। जनरल चौहान ने बताया कि पाकिस्तान ने अपने संविधान में बदलाव कर चेयरमैन जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ का पद खत्म कर दिया और उसकी जगह चीफ ऑफ डिफेंस फोर्सेज (CDF) का पद बनाया। इससे सेना प्रमुख के हाथ में ज्यादा ताकत केंद्रित हो गई है। उन्होंने कहा कि भारत के लिए इन बदलावों को समझना जरूरी है। साथ ही उन्होंने बताया कि भारत में संयुक्त थिएटर कमांड बनाने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है और तय समय से पहले पूरी कर ली जाएगी। आज की अन्य बड़ी खबरें… विजय की फिल्म जना नायकन 9 जनवरी को रिलीज नहीं होगी, मद्रास हाईकोर्ट ने रोक लगाई मद्रास हाईकोर्ट ने शुक्रवार को विजय की फिल्म ‘जना नायकन’ को लेकर बड़ा फैसला दिया है। कोर्ट ने उस आदेश पर रोक लगा दी है, जिसमें सेंसर बोर्ड को फिल्म को UA सर्टिफिकेट देने को कहा गया था। अब इस मामले की अगली सुनवाई 21 जनवरी को होगी। यह फिल्म आज यानी 9 जनवरी को रिलीज होने वाली थी। शुक्रवार सुबह हाईकोर्ट के एक जज ने कहा था कि जरूरी बदलाव के बाद UA सर्टिफिकेट दिया जाए और सेंसर बोर्ड को फटकार भी लगाई थी। इसके बाद सेंसर बोर्ड ने इस आदेश के खिलाफ अपील की और तुरंत सुनवाई की मांग की। बोर्ड का कहना है कि उसे अपना पक्ष रखने का पूरा मौका नहीं मिला।
बेंगलुरु में 9.5 लाख रुपए की रिश्वत के मामले में CPRI के जॉइंट डायरेक्टर गिरफ्तार सीबीआई ने 9.5 लाख रुपए की रिश्वत लेने के आरोप में सेंट्रल पावर रिसर्च इंस्टीट्यूट (CPRI) बेंगलुरु के जॉइंट डायरेक्टर राजाराम मोहनराव चेन्नू को गिरफ्तार किया है। सीबीआई के मुताबिक चेन्नू पर एक निजी कंपनी के इलेक्ट्रिकल उपकरणों की जांच रिपोर्ट देने के बदले रिश्वत लेने का आरोप है। इस मामले में कंपनी के डायरेक्टर अतुल खन्ना को भी गिरफ्तार किया गया है। सीबीआई ने चेन्नू के घर छापेमारी के दौरान करीब 3.76 करोड़ रुपए कैश और विदेशी करेंसी बरामद की है। इसमें डॉलर, यूरो, दिरहम समेत कई देशों की करेंसी शामिल है। एजेंसी ने बताया कि रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ने के बाद यह कार्रवाई की गई और आगे की जांच जारी है। जम्मू कश्मीर में नाले में गिरने से दो आर्मी पोर्टरों की मौत उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले के अपर गुलमर्ग इलाके में एक फॉरवर्ड पोस्ट की ओर जाते समय नाले में फिसलकर गिरे दो आर्मी पोर्टरों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि यह घटना गुरुवार शाम को हुई। दोनों पोर्टर अनीता पोस्ट जा रहे थे। इस इलाके में रास्ते भारी बर्फबारी के कारण सर्दियों में बंद हो जाते है। बर्फ से ढके और फिसलन भरे रास्ते पर चलते समय, पोर्टर संतुलन खो बैठे और नाले में गिर गए। बचाव टीमों ने तुरंत तलाशी अभियान शुरू किया गया। लगातार कोशिशों के बाद, दोनों पोर्टरों के शव बरामद कर लिए गए। मृतकों की पहचान लियाकत अहमद दीदार, 27, पुत्र गुलाम मोहम्मद दीदार, मस्जिद आगन चंदूसा और इशफाक अहमद खटाना, 33, पुत्र जमाल यू दीन खटाना, पचार चंदूसा, बारामूला जिले के रूप में हुई है। श्रीनगर में बुजुर्ग कश्मीरी पंडित दंपति पर हमला, पूर्व-IRS अधिकारी समेत तीन गिरफ्तार श्रीनगर के राजबाग इलाके में एक बुजुर्ग कश्मीरी पंडित दंपति पर कथित तौर पर हमला करने के आरोप में एक बर्खास्त इंडियन रेवेन्यू सर्विस (IRS) अधिकारी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। राजबाग में अशोक तोशखानी के घर पर हमले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने घटना का संज्ञान लिया। पूर्व IRS अधिकारी विवेक बत्रा ने अपने साथियों के साथ घर में घुसकर परिवार के सदस्यों पर हमला किया। आरोपियों ने घर में आग लगाने की भी कोशिश की। घटना के दौरान कई महिलाओं को चोटें आईं और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। कर्नाटक में भीषण सड़क हादसे में बच्ची समेत 4 श्रद्धालुओं की मौत, 7 घायल कर्नाटक के तुमकुरु जिले में शुक्रवार तड़के भीषण सड़क हादसा हो गया। श्रद्धालुओं से भरा एक टेम्पो ट्रैवलर वाहन सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गया। हादसे में एक बच्ची समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सभी सबरीमाला मंदिर से लौट रहे थे। टक्कर से टेम्पो ट्रैवलर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मृतकों की पहचान साक्षी (7), वेंकटेशप्पा (30), मरटप्पा (35) और गविसिद्धप्पा (40) के रूप में हुई है। सभी मृतक कोप्पल जिले के रहने वाले थे। हादसे में सात अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया । सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मणिपुर में बाइक सवार बदमाशों ने पेट्रोल पंप पर बम फेका, पंप मालिकों से रंगदारी मांग रहे थे बदमाश मणिपुर के बिष्णुपुर जिले में एक पेट्रोल पंप पर कुछ अज्ञात बदमाशों ने बम फेंका। धमाके में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। पुलिस शुक्रवार को बताया कि गुरुवार रात करीब 8 बजे बाइक सवार बदमाशों ने मोइरांग थाना लेइकाई में एलिडास पेट्रोल पंप पर हमला किया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और इलाके के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच कर रही है। पिछले महीने, राज्य में पेट्रोल पंप मालिकों से रंगदारी मांगने का मामला सामने आया था। गुजरात में 12 घंटे में 4 भूकंप के झटके, 2.7 से 3.8 के बीच रही तीव्रता, स्कूलों में छुट्टी कई गई गुजरात के राजकोट में पिछले 12 घंटे में 4 झटके महसूस किए गए। सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी ने बताया कि इन झटकों की तीव्रता 2.7 से 3.8 के बीच रही। झटके हल्के थे इसलिए किसी भी तरह के जान माल के नुकसान की खबर नहीं है। एहतियात के तौर पर आस पास के स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है। महाराष्ट्र में फिलिस्तीन के समर्थन में 4 करोड़ रुपए का चंदा जुटाया, चार पर FIR, 2 गिरफ्तार महाराष्ट्र के बीड जिले में चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी से 4 करोड़ रुपए से ज्यादा इकट्ठा करने का मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने दावा किया था कि यह पैसा इजराइल के साथ युद्ध के बीच फिलिस्तीन को सपोर्ट करने के लिए इस्तेमाल किया जाएगा। स्थानीय पुलिस और उसकी आतंकवाद विरोधी यूनिट को संदिग्ध टेरर फंडिंग के बारे में जानकारी मिली थी। माजलगांव के पातरुड गांव में तलाशी ली गई। यह पैसा एक ऐसे ट्रस्ट के बैंक अकाउंट में इकट्ठा किया गया था जो चैरिटी कमिश्नर के पास रजिस्टर्ड नहीं था। इससे फंड इकट्ठा करना अवैध हो जाता है। उन्होंने बताया कि माजलगांव ग्रामीण पुलिस ने चारों के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी का मामला दर्ज किया है, जिनमें से दो को गिरफ्तार कर लिया गया है। CBI ने फिशिंग स्कैम के लिए 21,000 सिम कार्ड बेचने वाले एरिया सेल्स मैनेजर को गिरफ्तार किया सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (CBI) ने एक टेलीकॉम सर्विस प्रोवाइडर (TSP) के एरिया सेल्स मैनेजर को गिरफ्तार किया है, जिसने फिशिंग स्कैम के लिए करीब 21,000 सिम कार्ड खरीदे थे। सीबीआई ने दिसंबर 2025 में एनसीआर और चंडीगढ़ जोन में चल रहे एक बड़े फिशिंग नेटवर्क का पता लगाया था। यह नेटवर्क साइबर अपराधियों को बल्क SMS सेवाएं देता था, जिसमें भारत के लोगों को निशाना बनाने वाले विदेशी अपराधी भी शामिल थे। जांच में सामने आया कि आरोपी ने दूरसंचार विभाग (DoT) के नियमों की अनदेखी करते हुए हजारों फर्जी सिम कार्ड जारी किए थे, जिनका प्रयोग फिशिंग मैसेज भेजने में किया जाता था। दिसंबर 2025 में TSP के एक चैनल पार्टनर समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया था। एडीआर रिपोर्ट: दोबारा चुने गए 102 सांसदों की संपत्ति दस साल में 110% बढ़ी, उदयनराजे की सर्वाधिक 2014 से 2024 के बीच लोकसभा में दोबारा चुने गए 102 सांसदों की औसत संपत्ति में 110% की बढ़ोतरी हुई है। एडीआर की रिपोर्ट के मुताबिक इन सांसदों की औसत संपत्ति 2014 में ₹15.76 करोड़ रु. थी, जो 2024 में बढ़कर ₹33.13 करोड़ हो गई। सबसे ज्यादा बढ़ोतरी महाराष्ट्र के सतारा से भाजपा सांसद उदयनराजे भोसले की संपत्ति में हुई है। 2014 में उनकी संपत्ति 60 करोड़ रुपए थी, जो 2024 में बढ़कर 223 करोड़ रुपए हो गई। यानी 10 साल में उनकी संपत्ति में 268% की बढ़ोतरी हुई। रिपोर्ट के अनुसार औसत संपत्ति में प्रतिशत के आधार पर सबसे अधिक बढ़ोतरी झामुमो में दर्ज की गई। इसके सांसदों की संपत्ति में 804% की वृद्धि हुई। एआईएमआईएम दूसरे स्थान पर रही, जिसके सांसद की संपत्ति में 488% बढ़ोतरी दर्ज की गई। तीसरे स्थान पर जदयू रहा, जहां औसत संपत्ति में 259% की वृद्धि दर्ज की गई। गुजरात के जामनगर से भाजपा सांसद पूनमबेन माडम की संपत्ति में 747% की वृद्धि है। मथुरा से भाजपा सांसद हेमा मालिनी की संपत्ति ₹178 से बढ़कर ₹278 करोड़ हो गई। तृणमूल के शत्रुघ्न सिन्हा की संपत्ति ₹131 से ₹210 करोड़ हो गई। यानी ₹78 करोड़ बढ़े। जम्मू-कश्मीर के बारामूला में सेना के दो पोर्टर नाले में गिरे, रेस्क्यू जारी जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में गुरुवार को एक अग्रिम पोस्ट के पास सेना के दो पोर्टर (सामान संभालने वाले) सड़क से फिसलकर नाले में गिर गए। अधिकारियों ने बताया कि दोनों पोर्टर 18 राष्ट्रीय राइफल्स के थे। उनका नाम लियाकत अहमद दीदार और इश्फाक अहमद खटाना है। दोनों चंदूसा के रहने वाला है। वे अपर गुलमर्ग के अनीता पोस्ट जा रहे थे, तभी उनका वाहन फिसल कर नाले में गिर गया। महाराष्ट्र के नासिक में ₹23.40 लाख की ड्रग्स बरामद, 3 लोग गिरफ्तार महाराष्ट्र के नासिक में पुलिस ने गुरुवार को एम्फेटामाइन और गांजा के साथ 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। जब्त नशीले पदार्थों की कुल कीमत करीब ₹23.40 लाख बताई गई है। एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, मुन्ना कल्लू कोल (40), शांति मुन्ना कोल (33) और अमर मुन्ना कोल (19) को कैथे कॉलोनी स्थित एक कमरे में छापेमारी के दौरान पकड़ा गया। अधिकारी ने बताया कि तीनों आरोपी पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश के सतना जिले के रहने वाले हैं और नासिक में मजदूरी का काम करते थे। मामले में आगे की जांच जारी है। विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग, 12 जनवरी को युवाओं से संवाद करेंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग समारोह में देश के चुनिंदा युवाओं से संवाद करेंगे। प्रतिभागियों को विकसित भारत 2047 विषय पर अपने विचार पेश करने का मौका भी मिलेगा। तीन दिन चलने वाले समारोह में शुभांशु शुक्ला, हरमनप्रीत कौर, पुलेला गोपीचंद, लिएंडर पेस, श्रीधर वेम्बू से भी मुलाकात होगी। दुनियाभर से चुने गए 80 अप्रवासी भारतीय युवा भी इसमें शामिल होंगे। भारत मंडपम में समारोह का शुभारंभ 10 जनवरी को होगा। दूसरे दिन 11 जनवरी को भारत की विश्व कप विजेता महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर युवाओं के साथ फायरसाइड चैट में हिस्सा लेंगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *