सड़कों पर गड्ढे, पार्कों में गंदगी, फिटनेस मशीनें खराब

अमनदीप सिंह | अमृतसर उत्तरी हलके के वार्ड 61 में आने वाले कश्मीर एवेन्यू, विजय नगर और पिंक एवेन्यू के लोग बुनियादी समस्याओं से जूझ रहे हैं। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। कश्मीर एवेन्यू में स्थित एक तिकोनी पार्क कूड़े का डंप बन चुका है। पार्क में चारों तरफ गंदगी फैली हुई है और बदबू के कारण लोग वहां जाना पसंद नहीं करते। बच्चों और बुजुर्गों के लिए बना यह पार्क पूरी तरह उपेक्षा का शिकार है। वहीं इसी इलाके में स्थित एक अन्य पार्क में लगी लाइटें लंबे समय से बंद पड़ी हैं, जिससे रात के समय अंधेरा रहता है और लोगों को असुरक्षा का एहसास होता है। विजय नगर की मुख्य सड़क की हालत भी बेहद खराब है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं, जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। बारिश के दिनों में स्थिति और भी बदतर हो जाती है। इलाके के पार्क में लगी फिटनेस मशीनें खराब हो चुकी हैं। पार्क में अक्सर कुत्तों का जमावड़ा लगा रहता है। लोगों ने प्रशासन और नगर निगम से जल्द से जल्द ठोस कदम उठाने की मांग की है। वार्ड में कांग्रेस से चुनाव लड़ी ममता दत्ता ने कहा कि वार्ड में पार्षद को लोगों ने इसलिए ही चुना है कि उन्हें मूलभूत सुविधाएं मिल सके। लेकिन लोग आज भी उनके पास समस्या लेकर पहुंचते हैं। वहीं पार्षद को चुनाव के बाद वार्ड में देखा नहीं गया। लोगों की समस्या का हल करवाने के लिए पार्षद बाहर निकलें। विजय नगर की टूटी सड़क। वार्ड पार्षद रजनी ने कहा कि वह लोगों की समस्याएं हल करवाने में हमेशा आगे रहती हैं। जो-जो परेशानी लोग रोजाना बताते हैं, उनका हल साथ-साथ किया जाता है। वहीं विजय नगर की सड़क का काम लुक प्लांट बंद होने के कारण रुका है। जैसे ही प्लांट खुलेंगे। सबसे पहले यही सड़क बनाई जाएगी। कश्मीर एवेन्यू की पार्क जो गंदगी से भरी है। उसका कोई झगड़ा चल रहा है। कुत्तों की नसबंदी करवाई जा रही है। विवेक कुमार निवासी कश्मीर एवेन्यू ने बताया कि तिकोनी पार्क कूड़े का ढेर बन चुका है। चारों तरफ गंदगी फैली रहती है। पास के पार्क में लाइटें बंद होने से रात में डर लगता है। अगर सफाई और रोशनी की व्यवस्था हो जाए तो लोगों को काफी राहत मिले। रितू सूरी निवासी पिंक एवेन्यू ने बताया कि इलाके में कुत्तों की समस्या बहुत ज्यादा हो गई है। बच्चों और बुजुर्गों को पार्क में ले जाना मुश्किल हो गया है। पार्क में लगी फिटनेस मशीनें भी खराब पड़ी हैं। कई बार शिकायत की, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई। विनोद कुमार निवासी विजय नगर ने बताया कि मेन रोड गड्ढों से भरी हुई है। रोजाना वाहन चलाना मुश्किल हो गया है। पैदल चलने वालों के लिए भी यह सड़क जानलेवा बन चुकी है। प्रशासन को तुरंत सड़क की मरम्मत करानी चाहिए, ताकि लोगों को राहत मिल सके। कश्मीर एवेन्यू के पार्क में गंदगी। पिंक ऐवेन्यू में खराब हो रही फिटनेस मशीनें। पार्क में बंद पड़ी लाइट।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *