भास्कर न्यूज | अमृतसर पंजाब की विभिन्न संघर्षशील कर्मचारी संगठनों द्वारा प्रमुख वित्तीय मांगों को लेकर गठित ‘पुराने स्केल, पेंशन और भत्ते बहाली मोर्चा’ के बैनर तले 10 जनवरी को शहीद नछत्तर सिंह धालीवाल हॉल मोगा में होने वाली राज्य स्तरीय कन्वेंशन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस संयुक्त मोर्चे के अहम अंग पुरानी पेंशन प्राप्ति फ्रंट (पीपीपीएफ) ने भी अपने सक्रिय कार्यकर्ताओं और जिला स्तरीय नेताओं की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्णय लिया है। मझा जोन कन्वीनर गुरबिंदर सिंह खैहरा और जिला नेता सुखजिंदर सिंह ने कहा कि अमृतसर जिले की नेतृत्व टीम मोगा कन्वेंशन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेगी। उन्होंने बताया कि इस कन्वेंशन में कर्मचारियों से जुड़ी प्रमुख वित्तीय मांगों पर गंभीर चर्चा की जाएगी। इनमें पुराने वेतनमान की बहाली, पुरानी पेंशन योजना लागू करना, ग्रामीण व बॉर्डर एरिया भत्ता सहित कटौती किए गए 37 प्रकार के भत्तों की बहाली, एसीपी तथा लंबित 16 प्रतिशत डीए जैसे मुद्दे प्रमुख रूप से शामिल हैं। नेताओं ने बताया कि कन्वेंशन के बाद मोगा शहर में एक सांकेतिक ‘रोष मार्च’ भी निकाला जाएगा, जिसके माध्यम से सरकार के खिलाफ कर्मचारियों का आक्रोश जाहिर किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी सरकार अपने चार साल के कार्यकाल में कर्मचारियों के वित्तीय मुद्दों को हल करने में पूरी तरह नाकाम रही है। सरकार एक ओर खजाने की वित्तीय स्थिति सुधारने के दावे कर रही है, जबकि दूसरी ओर राज्य के वित्तीय संकट का बोझ कर्मचारियों पर डालकर अपने चुनावी वादों से मुकर चुकी है। नेताओं का कहना है कि कर्मचारियों के अधिकारों और मांगों को लेकर अब निर्णायक संघर्ष की जरूरत है और मोगा कन्वेंशन इस दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव साबित होगी। मोर्चे की ओर से कन्वेंशन के दौरान आगामी राज्य स्तरीय आंदोलनात्मक कार्यक्रमों का भी ऐलान किया जाएगा। इस अवसर पर जरमनजीत सिंह, अश्वनी अवस्थी, निर्मल सिंह, राजेश पराशर, कुलदीप वरनाली, मनदीप सिंह रईया, राजेश कुंदरा, विशाल लखमनसर, कंवरदीप सिंह, शमशेर सिंह, बिक्रमजीत सिंह, बिक्रम दयालपुरा, नवतेज सिंह जब्बोवाल, हरप्रीत सिंह, नरेश कुमार, दिलराज सिंह जसतरवाल और मनीष पीटर सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।


