भास्कर न्यूज | बीजापुर जिले के भैरमगढ़ स्थित डीएवी छात्रावास से 11वीं के एक छात्र की तीसरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई। परिजनों ने उसकी मौत पर संदेह जताते पूरे मामले की जांच की मांग की है। मिली जानकारी के मुताबिक डीएवी स्कूल में 11वीं का छात्र रहा नेलसनार निवासी कोमल कुड़ियम गुरुवार की देर रात अचानक हॉस्टल की तीसरी मंजिल से नीचे गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर हालत में उसे भैरमगढ़ अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे बेहतर उपचार के लिए दंतेवाड़ा के जिला अस्पताल रिफर कर दिया गया। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। इधर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, वहीं तीसरी मंजिल से छात्र के गिरने पर संदेह जताते परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। हालांकि इस पूरे मामले में ये अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है कि छात्र की मौत हादसा है या आत्महत्या है, लेकिन पुलिस मामले की सभी बिंदुओं पर जांच में जुट गई है। सहायक आयुक्त ने जांच के लिए गठित की टीम आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त देवेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच टीम गठित कर दी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही ये पता चल पाएगा कि छात्र की मौत हादसे में हुई है या इसके पीछे कोई और कारण है। अब तक थाने में किसी ने शिकायत नहीं की : नाग भैरमगढ़ थाना प्रभारी एकेश्वर नाग ने बताया कि अभी तक इस घटना को लेकर न तो परिजनों की तरफ से और न ही विभाग की तरफ से कोई लिखित शिकायत दर्ज करवाई गई है। इसके चलते पुलिस को औपचारिक रूप से घटना की जानकारी नहीं मिली है।


