भास्कर न्यूज | गरियाबंद जिला गरियाबंद में पदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार चंद्राकर का स्थानांतरण होने पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में ससम्मान विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर की उपस्थिति में संपन्न हुआ, जिसमें जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने उन्हें स्मृति-चिन्ह भेंट कर नवीन पदस्थापना के लिए शुभकामनाएं दीं। विदाई के दौरान एएसपी जितेन्द्र चंद्राकर ने गरियाबंद जिले के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सहयोग के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि गरियाबंद में किया गया कार्यकाल उनके लिए सदैव यादगार रहेगा और यहां से मिली सीख आगे के दायित्वों में मार्गदर्शक बनेगी। इस अवसर पर एएसपी धीरेंद्र पटेल, एसडीओपी निशा सिन्हा, डीएसपी लतेश सिंह सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।


