देवस्थान विभाग सूरजपोल स्थित फतह मेमोरियल को अब हेरिटेज होटल के रूप में संचालित करेगा। इसको लीज पर दिया जाएगा। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। विभाग की ओर से अभी तक इस भवन को धर्मशाला के रूप में संचालित किया जा रहा है। समय पर देखरेख नहीं होने की वजह से इस हेरिटेज भवन को नुकसान भी पहुंच रहा है। लीज पर देने के बाद पर्यटकों को शहर के बीच, उदियापोल बस स्टैंड के पास स्थित इस प्रॉपर्टी में ठहरने की सुविधा मिल सकेगी। फतह मेमोरियल में कुल 65 कमरे हैं। इनमें से 10 कमरे पर्यटन विभाग के पास रहेंगे। जबकि, 55 कमरों को लीज पर देंगे। छत पर रूफटॉप रेस्टोरेंट चलेगा। होटल को सालाना 91 लाख रुपए के हिसाब से लीज पर दिया जा रहा है। किराये में हर साल 5% की बढ़ोतरी होगी। बता दें कि विभाग की ओर से लीज का बेस प्राइस 41 लाख रुपए तय किया गया था, लेकिन टेंडर प्रक्रिया में यह राशि बढ़कर 91 लाख तक पहुंच गई। विभाग ने सूरजपोल स्थित देवदर्शन होटल को भी लीज पर दे रखा है। इससे विभाग को सालाना 45 लाख का राजस्व मिल रहा है। अभी कमरों में वॉशरूम तक नहीं, खुले में नहाना पड़ता है फतह मेमोरियल को लीज पर देने के बाद फर्म को कमरों में एसी, बेड सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करानी होंगी। वर्तमान में भवन के कमरों में अटैच वॉशरूम तक नहीं हैं और पर्यटकों को खुले में स्नान करना पड़ता है। इसी कारण यहां कोई ठहरना पसंद नहीं करता है। कुछ समय पहले स्मार्ट सिटी योजना के तहत भवन की मरम्मत कराई गई थी। फिलहाल यहां 5 बेड वाले डीलक्स रूम का किराया मात्र 340 रुपए प्रतिदिन, जबकि 20 लोगों की क्षमता वाले हॉल का किराया 800 रुपए है।


