भास्कर संवाददाता | उज्जैन कृषि उपज मंडी में उपज बेचने आए कुछ किसानों की सुबह की नीलामी में बिकी उपज का तोल खरीदी करने वाले व्यापारी ने शाम 5 बजे तक नहीं किया। नाराज किसानों ने मंडी पहुंचकर शिकायत की, तब कहीं जाकर शाम को उपज का तोल हो सका। उपज बेचने के बाद 5 घंटे तक तोल कराने के लिए इंतजार कर रहे ग्राम कल्याणपुरा निवासी युवराजसिंह सिसौदिया ने मंडी कार्यालय पहुंचकर सचिव के नाम लिखित आवेदन देते हुए मंडी में खरीदी करने वाली फर्म महेंद्र ट्रेडर्स पर मनमानी का आरोप लगाया। सिसौदिया ने बताया कि नियमानुसार किसानों की उपज का 2 घंटे में तोल करवाकर उन्हें फ्री किया जाना चाहिए, लेकिन शुक्रवार को संबंधित फर्म ने जिन किसानों के उपज की खरीदी की, उनके अनाज का तोल शाम 5 बजे तक नहीं कराया। मंडी समिति कर्मचारियों के हस्तक्षेप के बाद तोल कराया गया, जबकि मंडी में अभी इतनी ज्यादा आवक भी नहीं है। संबंधित व्यापारी ने भी ज्यादा खरीदी नहीं की। सिर्फ 10-12 किसानों के अनाज का तोल ही शाम तक नहीं हो सका। जवाब भी ठीक से नहीं दे रहे थे सिसौदिया ने बताया फर्म का काम संभालने वाले बोलते रहे काम करने वाले ही नहीं हैं तो हम क्या करें। यहां तो ऐसा ही चलेगा। मंडी सचिव को लिखित शिकायत करते हुए ऐसी फर्म के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सचिव राजेश गोयल ने बताया मंडी के किसी एक व्यापारी द्वारा तोल में देरी करने संबंधी मामला मेरी जानकारी में आ गया है। मंडी पहुंचते ही कल इसकी जांच करवाकर कार्रवाई करेंगे।


