मुख्यमंत्री आज खुरई आएंगे, रोड-शो, सभा होगी

सागर | मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को खुरई आएंगे। मुख्यमंत्री के रूप में उनका खुरई का यह पहला दौरा है। वे दोपहर 1:55 बजे खुरई के गुलाबरा बगीचा स्टेडियम स्थित हैलीपेड पर हैलीकॉप्टर से उतरेंगे। यहां से विशेष रथ में सवार होकर रोड-शो के रूप में नवीन गल्ला मंडी के पास आमसभा स्थल पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पखवाड़े भर से तैयारियां चल रही हैं। क्षेत्रीय विधायक एवं पूर्व गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री का खुरई नगर में ऐतिहासिक स्वागत किया जाएगा। खुरई की बुंदेली परंपरा से उनका अभूतपूर्व स्वागत होगा। रोड-शो के रूट पर 150 स्वागत मंच और सैकड़ों स्वागत द्वार बनाए गए हैं। रोड-शो के रूट पर पड़ने वाले सभी घरों से मुख्यमंत्री के रथ पर पुष्प वर्षा होगी। बुंदेली परंपरा के लोकनृत्य, लोकवाद्यों से सजे विभिन्न सांस्कृतिक दल रोड शो रूट पर मुख्यमंत्री के स्वागत में रहेंगे। मुख्यमंत्री यहां 312 करोड़ रुपए के 86 निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे। वे 165 करोड़ की लागत के 38 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं 147 करोड़ की लागत के 48 विकास कार्यों का भूमिपूजन करेंगे। चूंकि मुख्यमंत्री के रूप में डॉ. यादव का यह पहला खुरई दौरा है, ऐसे में क्षेत्रवासियों को उनसे कई विकास सौगातें मिलने की भी उम्मीद है। पूर्व गृहमंत्री सिंह ने कहा मुख्यमंत्री डॉ. यादव के खुरई आगमन से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। यह वर्ष खुरई के लिए विकास, नई योजनाओं और अधोसंरचना विस्तार की दृष्टि से ऐतिहासिक सिद्ध होगा। यह कार्यक्रम केवल एक राजनीतिक आयोजन नहीं, बल्कि खुरई के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *