महाराष्ट्र के आरोपी से 8 अवैध हथियार व पांच कारतूस जब्त

भास्कर संवाददाता | वरला/बलवाड़ी वरला थाना पुलिस ने महाराष्ट्र निवासी आरोपी आरोपी से 8 अवैध हथियार और 5 कारतूस जब्त कर उसे गिरफ्तार किया। आरोपी उमर्टी से अवैध हथियार खरीदकर ले जा रहा था। आरोपी से जब्त हथियार के संबंध में पूछताछ की जा रही है। एडिशनल एसपी धीरज बब्बर ने शुक्रवार शाम शहर थाना परिसर में कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया वरला थाना प्रभारी नारायण रावल को मुखबीर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति उमर्टी से अवैध हथियार खरीदकर घेगांव की ओर जा रहा है। उसके पास एक बैग है जिसमें हथियार रखे हैं। इस पर थाना प्रभारी रावल ने एसआई रमेशचंद्र चौहान व अन्य पुलिसकर्मियों को मौके पर भेजा। पुलिस टीम ने घेगांव-उमर्टी रोड पर पहुंचकर स्मित(35) पिता बालू सिंदे, निवासी उल्लास नगर कल्याण, महाराष्ट्र को रोककर पूछताछ की। उसके बैग की तलाशी लेने पर उसमें हाथ से बनी 2 देशी पिस्टल, 12 बोर के 6 देशी कट्टे और 5 कारतूस मिले। अवैध हथियार जब्त कर धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट में आरोपी को गिरफ्तार किया। अवैध हथियार किससे खरीदे थे और कहां ले जा रहा था इस संबंध में पूछताछ की जा रही है। एडिशनल एसपी बब्बर ने बताया उमर्टी थाना वरला में अवैध हथियार के संबंध में लगातार कार्यवाही की जा रही है। प्रेसवार्ता के दौरान एसडीओपी सेंधवा अजय वाघमारे, वरला थाना प्रभारी नारायण रावल व स्टाफ मौजूद था। पिछले साल नवंबर में उमर्टी में दी थी बड़ी दबिश महाराष्ट्र पुलिस ने 22 नवंबर को जिले की पुलिस के साथ उमर्टी में छापामार कार्रवाई की थी। इसमें 150 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल थे। पुलिस ने ड्रोन से सर्चिंग की थी। कार्रवाई के दौरान अवैध हथियार बनाने के कारखाने ध्वस्त कर अवैध हथियार बनाने का सामान और अवैध हथियार जब्त किए थे। लोगों ने विरोध भी किया था। पुलिस ने उन्हें काबू किया। कार्रवाई के बाद 7 आरोपियों को महाराष्ट्र पुलिस ले गई थी और 3 आरोपियों को वरला थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया था। वरला थाना सहित जिले की पुलिस कार्रवाई करती रहती है इसके बावजूद उमर्टी में अवैध हथियार निर्माण और बिक्री बंद नहीं हुई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *