बृजमोहन नहीं, गजेंद्र हैं पदेन अध्यक्ष…:अनिल बदले नियम से बृजमोहन अध्यक्ष, मंत्री संरक्षक

बालोद जिले के दुधली गांव में विवादों के बीच जंबूरी शुरू हो गई। 13 जनवरी तक चलने वाले इस आयोजन की शुरुआत राज्यपाल रमेन डेका ने की। स्काउट्स एंड गाइड्स के प्रदेश अध्यक्ष के विवाद पर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनिल जैन ने कहा कि सांसद बृजमोहन अग्रवाल इसके अध्यक्ष नहीं हैं बल्कि स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ही स्काउट्स एंड गाइड्स के पदेन प्रदेश अध्यक्ष हैं। वहीं भारत स्काउट्स एंड गाइड्स छत्तीसगढ़ ने 8 अक्टूबर 2024 को राज्य परिषद की बैठक में सभी सदस्यों की सहमति से राज्य के उप नियम में संशोधन का प्रस्ताव पारित किया था। जिसमें यह स्पष्ट किया गया था कि आने वाले पांच साल यानी 2029 तक राज्य अध्यक्ष बृजमोहन अग्रवाल रहेंगे। उपनियम की कंडिका 10 के अनुसार शिक्षा मंत्री को संरक्षक पद के लिए आमंत्रित किया जाएगा। इसके अनुमोदन के लिए 21 दिसंबर 2024 को राष्ट्रीय मुख्यालय को पत्र लिखा था। 15 अप्रैल 2025 को राष्ट्रीय मुख्यालय ने सभी संशोधन को स्वीकृति दी थी। इधर पूर्व राज्यसभा सदस्य डॉ. अनिल जैन ने कहा कि छत्तीसगढ़ में यह व्यवस्था है कि स्काउट्स एंड गाइड्स के प्रदेश अध्यक्ष पद पर स्कूल शिक्षा मंत्री होते हैं। बृजमोहन अग्रवाल स्कूल शिक्षा मंत्री थे, तब वो पदेन अध्यक्ष थे और अभी गजेन्द्र यादव पदेन अध्यक्ष हैं। जहां तक बृजमोहन के निर्वाचन का सवाल है, तो राष्ट्रीय इकाई ने चुनाव के लिए किसी को पर्यवेक्षक बनाकर नहीं भेजा था। ऐसे में यहां निर्वाचन की बात सही नहीं है। वहीं दूसरी ओर सांसद अग्रवाल ने हाईकोर्ट में दाखिल याचिका में कहा है कि उन्हें अध्यक्ष पद से हटाने का प्रस्ताव असंवैधानिक और एकतरफा है। वे सांसद होने के साथ-साथ परिषद के वैधानिक अध्यक्ष हैं और इसी हैसियत से उन्होंने 5 जनवरी को जंबूरी से संबंधित बैठक भी आयोजित की थी। अग्रवाल ने आरोप लगाया कि जंबूरी आयोजन में करीब 10 करोड़ की वित्तीय अनियमितता सामने आई है, इसी कारण आयोजन को रद्द करने का निर्णय लिया था। राज्यपाल बोले-यह एकता, विविधता, भाईचारा और साझा उद्देश्यों का उत्सव
समारोह में राज्यपाल एवं अतिथियों द्वारा जंबूरी पत्रिका एवं नए बैज का विमोचन भी किया गया। राज्यपाल ने कहा कि स्काउट-गाइड युवाओं को नेतृत्व कौशल, अनुशासन और सफलता के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे समाज के लिए कम से कम एक सकारात्मक कार्य अवश्य करें और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। छत्तीसगढ़ में आयोजित हो रहा यह राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी पूरे राष्ट्र के लिए गौरव का विषय है। सीएम साय बोले- युवा शक्ति को राष्ट्रीय मंच पर लाने का यह सुनहरा अवसर
सीएम साय ने कहा कि जंबूरी छत्तीसगढ़ की युवा शक्ति को राष्ट्रीय मंच पर लाने का सुनहरा अवसर है। बालोद की धरती पर उमड़ा यह उत्साह भारत की भावी पीढ़ी की ऊर्जा, समर्पण और संकल्प को स्पष्ट रूप से प्रतिबिंबित करता है। राज्य सरकार युवाओं के खेल, कौशल विकास और नेतृत्व क्षमता को सुदृढ़ करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अनुशासित, प्रशिक्षित और आत्मविश्वासी युवा शक्ति ही विकसित भारत की मजबूत नींव बनेगी। गजेन्द्र बोले- बृजमोहन बड़े भैया हैं, मुलाकात कर दूर करूंगा नाराजगी
स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि बृजमोहन मेरे बड़े भाई हैं। भारत स्काउट एंड गाइड की राज्य परिषद के अध्यक्ष पद को लेकर वे नाराज हैं तो उनसे मुलाकात करूंगा। स्काउट की कार्यप्रणाली अलग है। कांग्रेस के लोगों ने बिना सोचे समझे आरोप लगाने का काम किया है। बृजमोहन भैया कोई दूसरे नहीं हैं। हमारे पिताजी हम पर नाराज होते हैं। हमारे बड़े भैया हम पर नाराज होते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *