एसीबी की कार्रवाई:किरावली से पकड़ा एएईएन, जेईएन ने तीन किमी. तक टीम को दौड़ाया

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने शुक्रवार को भरतपुर में बड़ी कार्रवाई करते जेवीवीएनएल उच्चैन में पदस्थ सहायक अभियंता (एईएन) मोहित कटियार और कनिष्ठ अभियंता अभिषेक गुप्ता को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। दोनों ने पीएम सूर्य घर योजना के तहत रूफटॉप सोलर प्लांट इंस्टॉलेशन की फाइलें पास करने और सब्सिडी स्वीकृत कराने के एवज में परिवादी से प्रति फाइल 5 हजार रुपए की मांग की थी। कुल 18 फाइलों के लिए 90 हजार रुपए का सौदा तय हुआ था। जिसके बाद शुक्रवार को ही एसीबी ने इसका सत्यापन किया और शाम को ट्रैप की कार्यवाही की। एसीबी एएसपी अमित सिंह ने बताया कि परिवादी सोलर इंस्टॉलेशन का काम करता है और योजना के तहत लगाए गए प्लांट का मीटर शुरू होने के बाद ही सब्सिडी जारी होती है। इन फाइलों को एईएन और जेईएन मिलकर ही प्रोसेस करते थे। शिकायत मिलने पर एसीबी ने सत्यापन किया और ट्रैप की योजना बनाई। शुक्रवार को परिवादी ने जेईएन अभिषेक गुप्ता को रिश्वत की राशि उसके घर, ब्रिगेडियर घासी राम कॉलोनी, भरतपुर पर दी। अभिषेक ने रकम स्कूटी की डिग्गी में रखी, लेकिन ट्रैप की भनक लगते ही वह स्कूटी लेकर भाग निकला। एसीबी टीम ने उसका करीब तीन किलोमीटर तक पीछा किया। बचने की कोशिश में वह 10 फीट गहरे नाले में कूद गया, जहां से टीम ने उसे बाहर निकाला। इस दौरान उसके कपड़े फट गए और पैरों में चोट भी आई। वहीं एईएन मोहित कटियार को एसीबी टीम यूपी के आगरा जिले के किरावली से पकड़कर लाई। दोनों से पूछताछ जारी है। भास्कर इनसाइट – किरावली में एईएन का नाटक: गिरफ्तारी के बाद खुद को एसडीएम बताकर एसीबी को धमकाया और यूपी पुलिस को बुलाया कार्रवाई में चौंकाने वाला मोड़ तब आया जब एईएन मोहित कटियार को टीम ने आगरा के किरावली में पकड़ा। टीम ने पीछा कर किरावली में गिरफ्तारी के बाद उसने खुद को अभियंता मानने से साफ इनकार कर दिया और बार-बार “मैं एसडीएम हूं” कहकर एसीबी अधिकारियों को ही धमकाने लगा। उसने किरावली पुलिस को बुला लिया। मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस एसीबी और आरोपी दोनों को थाने ले गई। वहां एसीबी अधिकारियों ने पूरी कहानी बताई और अपना परिचय दिया, तब जाकर मामला स्पष्ट हुआ। इसके बाद एसीबी ने आरोपी एईएन को भरतपुर ले आई और गिरफ्तार किया। स्कूटी की डिग्गी में रकम रखकर फिल्मी अंदाज में गलियों में दौड़ा, चोर-चोर के हल्ले में नाले में कूदा एसीबी की कार्रवाई के दौरान जेईएन अभिषेक गुप्ता का भागना किसी फिल्मी सीन से कम नहीं था। जैसे ही उसे ट्रैप की भनक लगी, उसने रिश्वत की रकम स्कूटी की डिग्गी में रखी और गलियों में तेज रफ्तार से स्कूटी भगाने लगा। एसीबी टीम ने जान जोखिम में डालते हुए उसका पीछा किया। हालात इतने खतरनाक हो गए कि टीम को हल्ला करना पड़ा—“पकड़ो चोर-चोर शोर सुनकर आसपास के लोग भी जुट गए और पीछा करने लगे। घबराकर जेईएन 10 फीट गहरे नाले में कूद गया। लेकिन एसीबी टीम ने उसे वहीं दबोच लिया और गिरफ्तार कर लिया। दोनों अधिकारियों से पकड़े जाने से पहले ऑफिस में हुए अन्नकूट कार्यक्रम में भी शिरकत की थी। 1064 पर दें सूचना एडिशनल एसपी अमित कुमार ने कहा कि यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा रिश्वत की मांग की जाती है तो इसकी सूचना सीधे एसीबी हेल्पलाइन नंबर 1064 पर दें। शिकायतकर्ता का नाम गोपनीय रखा जाएगा। इस संबंध में किसी अन्य संस्था से संपर्क न करें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *