हनुमानगढ़ के टिब्बी थाना क्षेत्र में महिला की हत्या का मामला सामने आया है। महिला गांव के पास ही ढाणी में अकेली रहती थी। बेटा और बहू मजदूरी करने के लिए परिवार सहित बाहर रहते थे। शुरुआती जांच में महिला के गर्दन और सिर पर कस्सी से वार कर हत्या करने की जानकारी सामने आई है। मर्डर की सूचना पर एएसपी, सीओ और टिब्बी थानाधिकारी मौके पर पहुंचे। मौके से एफएसएल और एमओबी टीम ने साक्ष्य जुटाए। वहीं डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया था। टिब्बी थानाधिकारी धर्मपाल शेखावत ने बताया कि शंकरलाल (27) पुत्र स्व. महेन्द्र सिंह बावरी ने रिपोर्ट दी कि वह और उसकी पत्नी कुछ दिनों से खाजूवाला के रामगढ़ की ओर मजदूरी करने गए हुए थे। खाराखेड़ा में उसके खेत में बनी ढाणी में उसकी मां जमनादेवी अकेली रहती थी। शनिवार को वह और उसकी पत्नी खाजूवाला में थे। सुबह करीब साढ़े 11 बजे पड़ोसी ने फोन कर बताया कि उसकी मां जमना को किसी ने ढाणी में मार दिया है। इस पर वह खाजूवाला से लौटा। घर में परिवार और पड़ौस के काफी लोग इकट्ठे थे। उसकी मां जमना देवी का शव ढाणी में पड़ा था। उसकी गर्दन और सिर पर कस्सी से चोटें मारी गई थी। घर में रखे संदूक के ताले टूटे हुए थे। इसमें से 6 सोने की मोहरें, उसकी पत्नी की कानों की बालियां, दो अंगूठी, चांदी की पायजेब, चांदी के कड़े और 5 हजार रुपए गायब थे। मामले की जांच थानाधिकारी धर्मपाल सिंह कर रहे हैं। संगरिया सीओ करण सिंह ने बताया कि महिला का शव सीएचसी टिब्बी में रखवाया गया है। आज शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को पुलिस सुपुर्द करेगी। सीओ ने बताया कि ब्लाइंड मर्डर है, इसके चलते मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। अकेली रहती थी महिला
सीओ करण सिंह ने बताया कि परिजनों से प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि मृतक महिला जमना देवी खाराखेड़ा गांव के पास ढाणी में अकेली ही रहती थी। महिला के पति महेंद्र सिंह का निधन करीब 15 साल पहले हो गया था। महिला का एक बेटा और दो बेटी हैं। बेटियां शादी के बाद से ससुराल में रह रही हैं। वहीं बेटा शंकरलाल अपनी पत्नी सहित खाजूवाला के रामगढ़ में जमीन हिस्से पर लेकर कास्त कर रहा है। वारदात स्थल से साक्ष्य किए एकत्रित
सीओ करण सिंह ने बताया कि मर्डर की सूचना मिलते ही एएसपी जनेश तंवर और टिब्बी थानाधिकारी धर्मपाल शेखावत के साथ हम भी मौके पर पहुंचे थे। इसके बाद एसपी अरशद अली के निर्देश पर एफएसएल और एमओबी टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्रित किए। इसके साथ ही डॉग स्क्वायड टीम को भी बुलाया गया था। पुलिस फिलहाल हर एंगल से जांच में जुटी हुई है।


