भूरी टेकरी को देख लगता नहीं कि इंदौर साफ है:यहां खुले सीवर,गंदगी में स्कूल चल रहा; लोग खंडहर इमारतों में रहते हैं

इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी पीने से हुई मौतों के बाद शहर में गंदे पानी और बदहाल सफाई व्यवस्था की परतें एक-एक कर खुलने लगी हैं। हालात इतने खराब हैं कि अब यह समस्या सिर्फ एक इलाके तक सीमित नहीं हैं। हाल ही में इंदौर आए नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार जब भूरी टेकरी इलाके में लोगों की पीड़ा सुनने पहुंचे, तो वहां का मंजर देखकर उनकी आंखें छलक पड़ीं। दैनिक भास्कर की टीम जब मौके पर पहुंची, तो हालात और भी भयावह नजर आए। चारों तरफ गंदगी, खुले पड़े सीवर चेंबर, उनमें गिरकर हादसे का शिकार होते बच्चे और उसी गंदगी के बीच पढ़ाई करने को मजबूर मासूम। यह सिर्फ बदहाली की कहानी नहीं, बल्कि सिस्टम की बेरुखी की जीती-जागती तस्वीर है। पढ़िए रिपोर्ट… नल हैं, पर पानी नहीं; मशीन है, पर चलती नहीं
भूरी टेकरी की बहुमंजिला इमारतों में रहने वाले लोगों के लिए ‘हर घर नल से जल’ एक क्रूर मजाक जैसा है। घरों में नल के कनेक्शन तो सालों पहले लगा दिए गए थे, लेकिन उनमें आज तक पानी की एक बूंद नहीं आई। इन मल्टी-स्टोरी बिल्डिंगों में ऊपर तक पानी पहुंचाने के लिए एक लिफ्टिंग मशीन भी लगाई गई थी। स्थानीय निवासी नंदा बाई बोरकर बताती हैं, “मशीन सिर्फ एक बार दिखावे के लिए चली थी, तब से वह धूल खा रही है। कभी चली ही नहीं।” अब इन हजारों परिवारों की प्यास बुझाने का एकमात्र जरिया नगर निगम के टैंकर हैं। नंदा बाई रुंधे गले से कहती हैं, “टैंकर का पीला-पीला, गंदा पानी आता है। हमें पता है कि वो साफ नहीं है, टैंकर कभी धुलता ही नहीं, उसमें काई जमी रहती है। खुले चेंबर हर कदम पर खतरा
इस इलाके में सफाई व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। जगह-जगह कचरे के अंबार लगे हैं। सीवर के चेंबर से ढक्कन गायब हैं, जो किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं। स्थानीय निवासी राहुल बताते हैं, “शिकायत करने पर कोई नहीं आता। अगर आते भी हैं तो सिर्फ मुख्य सड़क पर झाड़ू लगाकर चले जाते हैं। पीछे की गलियों में तो महीनों से कोई सफाईकर्मी नहीं आया।” इस लापरवाही का सबसे बड़ा दंश यहां के बच्चे झेल रहे हैं। हाल ही में अपने भाई के घर आई सोनी ने एक दर्दनाक घटना का जिक्र किया। उन्होंने बताया, “मेरा ढाई साल का भतीजा आर्यन खेलते-खेलते घर के पास ही खुले पड़े सीवर चैंबर में सिर के बल गिर गया। उसका पूरा मुंह गंदे पानी से भर गया था। हम उसे तुरंत अस्पताल लेकर भागे, इलाज में दो हजार रुपए लग गए। वो तो किस्मत अच्छी थी कि किसी ने देख लिया, वर्ना कुछ भी हो सकता था। शिकायत वापस लेने के लिए कर्मचारी धमकाते हैं
यह कोई अकेली घटना नहीं है। लता बाई बताती हैं, “चेंबर के ढक्कन खुले पड़े हैं। आए दिन कोई न कोई बच्चा गिरता है। हम कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई सुनने वाला नहीं। उल्टे कर्मचारी आकर कहते हैं कि शिकायत वापस ले लो, तभी हमारी सैलरी आएगी।” सबसे शर्मनाक और चिंताजनक तस्वीर बच्चों की उस पाठशाला की है, जो गंदगी के एक बड़े ढेर के ठीक बगल में लगती है। जहां देश भर में ‘स्वच्छ विद्यालय’ अभियान चलाए जा रहे हैं, वहीं इंदौर के ये बच्चे बदबू, कीचड़ और बीमारियों के साये में क, ख, ग सीखने को मजबूर हैं। सपनों का आशियाना बना खंडहर, उम्मीदों पर फिरा पानी
ऐसा नहीं है कि भूरी टेकरी के निवासियों को हमेशा से ऐसे ही हालात में रहने के लिए छोड़ दिया गया था। जब पूर्वी रिंग रोड और बायपास के बीच बसे इन परिवारों को विस्थापित किया जा रहा था, तो नगर निगम ने बड़े-बड़े सपने दिखाए थे। एक मॉडल वन-बीएचके फ्लैट बनाया गया था, जिसमें लिफ्ट, रैंप और हर तरह की आधुनिक सुविधाएं थीं। निगम के अधिकारियों ने यहां की महिलाओं से पूछकर उनकी जरूरत के हिसाब से किचन तक डिजाइन करवाया था। इन्हीं वादों पर भरोसा करके लोग अपना पुराना घर छोड़कर यहां बसने को तैयार हुए थे, लेकिन आज वही बिल्डिंगें रख-रखाव के अभाव में खंडहर में तब्दील हो रही हैं। दीवारों का प्लास्टर उखड़ रहा है। सीढ़ियां इस कदर टूट चुकी हैं कि उन पर चढ़ना-उतरना खतरे से खाली नहीं है। लिफ्ट कब की बंद हो चुकी है। जिन सपनों के साथ लोगों ने गृह-प्रवेश किया था, वह अब एक बुरे सपने में बदल चुके हैं। विपक्ष ने कहा- जनता का नहीं, पर्ची वाला महापौर
शहर के इन बदतर हालातों पर अब सियासत भी गरमा गई है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने इंदौर में ‘वाटर ऑडिट’ अभियान की शुरुआत की है। भागीरथपुरा, मदीना नगर के बाद जब वे भूरी टेकरी पहुंचे, तो वहां के हालात देखकर वे भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि यह बेहद शर्मनाक है कि जो शहर स्वच्छता के लिए पूरी दुनिया में जाना जाता है, वहां के लोग नरक जैसी जिंदगी जीने को मजबूर हैं। सिंघार ने सीधे तौर पर इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव और नगर निगम प्रशासन को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने मीडिया से चर्चा में तीखे आरोप लगाते हुए कहा, “मैं इन्हें जनता का महापौर नहीं कह सकता, ये ‘पर्ची वाले महापौर’ हैं। इनके कार्यालय में नोट गिनने की मशीन रखी गई है। आखिर महापौर कार्यालय में नोट गिनने की मशीन का क्या काम है? क्या ठेकेदारों से कैश में भुगतान लिया जा रहा है?” सिंघार ने आरोप लगाया कि पूरे मामले में संवेदनशीलता की भारी कमी है। नगर निगम अपनी जिम्मेदारियों से भाग रहा है। सरकार की लापरवाही के चलते उन्हें खुद मैदान में उतरकर पानी के सैंपल जांचने पड़ रहे हैं। ये खबरें भी पढ़ें… 1. बोरिंग में हैजा वाला बैक्टीरिया…पार्षद का बोर भी दूषित 2. इंदौर के भागीरथपुरा में बोरिंग के पानी में फीकल कोलीफॉर्म बैक्टीरिया मिला है। यह हैजा, टाइफॉइड और हेपेटाइटिस-ए जैसी बीमारियों की वजह बन सकता है। यहां से लिए गए पानी के 60 में से 35 सैंपल फेल हो गए हैं। वार्ड के बीजेपी पार्षद कमल वाघेला का बोरिंग भी दूषित पाया गया है। पढ़ें पूरी खबर… 2. क्या हकीकत छिपा रहा इंदौर प्रशासन इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी से मौतों की संख्या 18 से बढ़कर 20 हो गई है। सरकार ने हाईकोर्ट में पेश रिपोर्ट में सिर्फ चार मौतें होना माना है, जबकि 18 मृतकों के परिवारों को 2-2 लाख रुपए की सहायता दी जा चुकी है। प्रशासन ने परिजन को मुआवजा देने के लिए बनाई गई सूची में बुधवार को दो नए नाम जोड़े हैं। पढ़ें पूरी खबर…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *