आगरा में शुक्रवार को डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा- सपा के कई विधायक हमारे संपर्क में हैं। वे भाजपा में शामिल होना चाहते हैं, लेकिन पार्टी उन्हें लेना नहीं चाहती है। सर्किट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस में डिप्टी सीएम ने कहा- जब से अखिलेश यादव बिहार में चुनाव हारकर लौटे हैं, तभी से वे बौखलाए और घबराए हुए हैं। वे मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रहे हैं कि 2027 में सरकार बना लेंगे और समाज को बांटकर राज करेंगे। केशव मौर्य सर्किट हाउस से निकल कर फतेहाबाद पहुंचे। यहां जनचौपाल को संबोधित करते समय बिजली गुल हो गई। डिप्टी सीएम करीब 15 मिनट तक मंच पर खड़े रहे। जनरेटर शुरू होने के बाद उन्होंने अपना संबोधन शुरू किया। उन्होंने कहा- बिजली विभाग ने गड़बड़ कर दी। उनके खिलाफ तो हम कार्रवाई कर देंगे। अब पढ़िए केशव मौर्य के बयान की 5 बड़ी बातें… दरअसल, कुछ दिन पहले ब्राहम्ण विधायकों की बैठकर पर शिवपाल ने कहा था- हमारे साथ आ जाइए, सम्मान मिलेगा। सपा के इसी बयान पर केशव मौर्य ने पलटवार किया है। केशव मौर्य बोले- देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ है
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा- झूठ फैलाकर सपा ने 2024 के लोकसभा चुनाव में कुछ सीटें जरूर हासिल कर ली थीं। उस भ्रम को हरियाणा, महाराष्ट्र, दिल्ली और बिहार की जनता ने नकार दिया। देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ है, देश भाजपा के साथ था और देश आज भी भाजपा के साथ है। PDA का फुल फॉर्म समझाया
PDA का मतलब परिवार डवलपमेंट एजेंसी है और अब इसकी हवा निकल चुकी है। सपा पीडीए को लेकर बिहार चुनाव में गई थी, लेकिन वहां उनका कोई प्रत्याशी तक नहीं था। अखिलेश वहां बेगानी शादी में अब्दुल्ला की तरह पहुंच गए। अखिलेश यादव का कोई ठिकाना नहीं है, वे आज कुछ बोलते हैं और कल कुछ और। अखिलेश यादव का काम गुंडों और माफियाओं को बढ़ावा देना रहा है और यही उनका एकमात्र एजेंडा है। केशव मौर्य बोले- विपक्ष को ‘राम’ नाम से नफरत
‘जी राम जी’ विकसित भारत का रोडमैप है। जब तक गांव विकसित नहीं होंगे, तब तक विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश का सपना अधूरा ही रहेगा। विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (जी राम जी) का विरोध करने वालों को राम नाम से नफरत है। महात्मा गांधी का हम सभी सम्मान करते हैं, लेकिन कांग्रेस, सपा, टीएमसी, डीएमके और आरजेडी जैसी पार्टियों को राम नाम से आपत्ति है। इसका कारण वही लोग बेहतर बता सकते हैं। जी राम जी के नाम की स्पेलिंग के क्रम में ‘राम’ शब्द आ गया है, इसी वजह से विपक्ष मनरेगा के इस नए अधिनियम का विरोध कर रहा है। टीएमसी बौखलाई गई है
पश्चिम बंगाल में जांच एजेंसियों के विरोध को लेकर पूछे गए सवाल पर डिप्टी सीएम ने कहा- पश्चिम बंगाल में टीएमसी जा रही है और भाजपा आ रही है। इसी वजह से टीएमसी बौखलाई और घबराई हुई है। अगर कोई जांच एजेंसी जांच के लिए जाती है, तो किसी मुख्यमंत्री को उसमें हस्तक्षेप करना शोभा नहीं देता। ममता बनर्जी ने जांच में हस्तक्षेप कर यह साबित कर दिया है कि वे भ्रष्टाचार को संरक्षण दे रही हैं। भ्रष्टाचार के खिलाफ हो रही कार्रवाई को रोकने का प्रयास किया जा रहा है। विनय कटियार पर कोई टिप्पणी नहीं
हाल ही में भाजपा के पूर्व सांसद विनय कटियार ने अयोध्या से चुनाव लड़ने के लिए कहा था। इस पर केशव मौर्य ने कहा- मैं इस पर कोई टिप्पणी नहीं कर सकता हूं। भाजपा में उम्मीदवार तय करने का अधिकार संसदीय बोर्ड का होता है। जहां जिसे चुनाव लड़ाना होता है, उसकी घोषणा वहीं से की जाती है। —————— ये भी पढ़ें- आजम खान रामपुर जेल में जमीन पर सो रहे:पत्नी ने की मुलाकात, बोलीं- साहब को सर्दी-बुखार, बेड तक नहीं दिया यूपी में रामपुर जिला जेल में बंद सपा के वरिष्ठ नेता मोहम्मद आजम खान से पत्नी तंजीन फातिमा मिलने पहुंचीं। मुलाकात के बाद बाहर आते ही आजम की हालत को लेकर जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। कहा- आजम साहब को कई दिनों से सर्दी-जुकाम और बुखार है। इसके बावजूद उन्हें बेड तक नहीं दिया गया। कड़ाके की ठंड के बीच वह जमीन पर सोने को मजबूर हैं। पढ़िए पूरी खबर…


