श्रीगंगानगर| शहर के मास्टर प्लान में प्रस्तावित 80 फीट चौड़े और ढाई किलो मीटर लंबे एक और मिनी बाईपास ‘सदभाव मार्ग’ पावन धाम मंदिर रोड के निर्माण के लिए एक बार फिर से प्रयास शुरू किए गए हैं। भाजपा नेता पूर्व पार्षद सुरेंद्र स्वामी ने बताया कि 80 फीट चौड़े सदभाव मार्ग निर्माण के लिए सड़क सीमा की जगह लेने के लिए नगर विकास न्यास प्रशासन ने तीन सदस्य कमेटी गठित की है। इस कमेटी में जेईएन मोहनलाल, पटवारी विश्वदीप व सर्वेयर अमरचंद शामिल है। यह कमेटी सदभाव मार्ग पर वर्तमान समय में जिस-जिस भूमि पर कब्जा काश्त हो रही है, उस भूमि में से कितनी भूमि सड़क निर्माण के लिए चाहिए उसकी रिपोर्ट तैयार करेगी। साथ ही ढाई किलोमीटर लंबाई में सदभाव मार्ग पर जो-जो कॉलोनियों का नियमन किया जा चुका है, उसके आगे जो भी अतिक्रमण है उनको चिन्हित करेगी और दोनों रिपोर्ट नगर विकास न्यास प्रशासन को सौंपी जाएगी। स्वामी ने बताया कि इस सड़क पर जो भूमि कब्जा काश्त में नहीं है मतलब रिकार्ड में कृषि भूमि है और मौके पर अन्य उपयोग हो रहा है ऐसी भूमि पर 177 की कार्यवाही के लिए एसडीएम श्रीगंगानगर को नगर विकास न्यास ने प्रकरण बनाकर पूर्व में भिजवा दिया है।


