भास्कर न्यूज | पाटन पंचायती राज विभाग के निर्देशानुसार पाटन बीडीओ द्वारा किशुनपुर पंचायत में गुरुवार को पंचायत सहायक के अनुमोदन को लेकर बुलाई गई ग्रामसभा उस समय हंगामे में तब्दील हो गई, जब मुखिया एवं उप मुखिया बिना किसी पूर्व सूचना के सभा में अनुपस्थित पाए गए। दोनों जनप्रतिनिधियों की गैरमौजूदगी से नाराज सैकड़ों महिला-पुरुष ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए तीखी नाराजगी जाहिर की। मौके पर पहुंचे पाटन बीडीओ डॉ. अमित कुमार झा ने मुखिया एवं उप मुखिया की बिना सूचना अनुपस्थिति को गंभीर प्रशासनिक लापरवाही बताते हुए कड़ी नाराजगी जताई और दोनों को स्पष्टीकरण जारी किया। बीडीओ ने आगामी ग्रामसभा की तिथि 28 जनवरी निर्धारित करते हुए स्पष्ट किया कि यदि अगली ग्रामसभा में भी मुखिया एवं उप मुखिया उपस्थित नहीं होते हैं, तो पंचायती राज अधिनियम 2000 की धारा 08 (02) के तहत किसी अन्य बहुमत प्राप्त सदस्य को सभा अध्यक्ष नियुक्त कर ग्रामसभा संपन्न कराई जाएगी। ग्रामसभा में बीडीओ के अलावा बीपीआरओ गिरिवर उरांव, कल्याण पदाधिकारी अजीत मिश्रा सहित सैकड़ों की संख्या में महिला-पुरुष मौजूद थे।


