पति शराब पीकर विवाद करता था, पत्नी ने मार डाला:सतना में पत्थर से किया हमला; दोनों की दूसरी शादी हुई थी

सतना के कोलगवां थाना क्षेत्र स्थित नई बस्ती आदर्श नगर वार्ड क्रमांक-13 में एक युवक की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि 40 वर्षीय पिंटू उपाध्याय की हत्या उसकी पत्नी रश्मि कुशवाहा ने की थी। लगातार नशाखोरी और घरेलू हिंसा से परेशान होकर महिला ने यह कदम उठाया। पुलिस पूछताछ में रश्मि ने बताया कि पिंटू उपाध्याय नशे का आदी था और आए दिन उसके साथ मारपीट करता था। 7 दिसंबर की रात करीब साढ़े नौ बजे पिंटू नशे की हालत में घर पहुंचा और विवाद के बाद मारपीट करने लगा। इसी दौरान रश्मि ने गुस्से में आकर पिंटू के सिर पर पहले पत्थर की पटिया पटकी और फिर ईंट से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद महिला ने शव को चादर से ढंक दिया। कुछ देर बाद उनका बेटा सूरज घर पहुंचा और पिता को अचेत अवस्था में देखकर तत्काल अस्पताल ले गया। वहां डॉक्टरों ने पिंटू को मृत घोषित कर दिया। पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की
शुरुआत में आरोपी महिला ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की और पति की मौत को गिरने से हुआ हादसा बताया था। हालांकि, शव पर मिले गंभीर चोटों के निशान और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को रश्मि पर संदेह हुआ। हिरासत में लेकर की गई सख्त पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी महिला को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, रश्मि कुशवाहा की यह दूसरी शादी थी। उसकी पहली शादी लालपुर निवासी संतोष से हुई थी, जिसकी मौत हो चुकी है। इसके बाद वह नई बस्ती में किराए के मकान में अपने दो बेटों और पिंटू उपाध्याय के साथ रह रही थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *