सतना में रीवा रोड पर युवक पर जानलेवा हमला और फायरिंग के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह घटना 7 जनवरी को अभिनंदन होटल के सामने स्थित चाय-सुट्टा बार के पास हुई थी, जिसमें अनिकेत गौतम पर हमला किया गया था। पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद मौके और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। इसके आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। लगातार दबिश के बाद शुक्रवार को खजुरी टोला निवासी अनुज उर्फ प्रशांत तिवारी पिता अभिलाष तिवारी और शिव अग्निहोत्री उर्फ आकाश पिता संजय अग्निहोत्री को गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया है कि हमले की वजह पुराना विवाद था। घटना से दो दिन पहले शिव अग्निहोत्री के भाई ने अनिकेत गौतम के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसी मामले में समझौते के लिए दोनों पक्ष चाय-सुट्टा बार के पास मिले थे। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने धमकी देते हुए हमला कर दिया। पुलिस के मुताबिक इस हमले में चट्टू (निवासी खमरिया), विशाल विस्सु (निवासी खमरिया), सुनील (निवासी बम्हनगवां), ऋषभ शुक्ला उर्फ छोटू, हिमांशु, शिव और अनुज शामिल थे। आरोप है कि सुनील ने कट्टे से फायर कर अनिकेत की हत्या का प्रयास किया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों में से एक पिछले वर्ष रीवा रोड स्थित आईसीआईसीआई बैंक के पास वकील के बेटे की हत्या के मामले में सह-आरोपी रह चुका है और फिलहाल जमानत पर है। इस प्रकरण में शामिल पांच अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


