मैहर भाजपा के 11 मंडलों के अध्यक्ष घोषित:मंडल प्रतिनिधियों के नाम भी तय; अमरपाटन मंडल में दावेदारों की भीड़ से फंसा पेंच

संगठन चुनाव की कवायदों में जुटी भारतीय जनता पार्टी ने सतना लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत आने वाले मैहर जिले के 11 मंडलों के अध्यक्ष और मंडल प्रतिनिधियों के नामों की घोषणा कर दी है। लेकिन अमरपाटन जैसे महत्वपूर्ण मंडल में दावेदारों की भीड़ ने पेंच फंसा रखी है, नतीजतन अमरपाटन पर अभी कोई फैसला नहीं हो पाया है। भाजपा के मैहर जिला निर्वाचन अधिकारी प्रभुदयाल कुशवाहा ने जिले के 11 मंडलों के अध्यक्षों और मंडल प्रतिनिधियों के नाम घोषित कर दिए। मैहर नगर मंडल की कमान एक बार फिर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी के समर्थक माने जाने वाले विकास तिवारी को ही सौंपी गई है। इसी तरह सुजीत शिवहरे को अमदरा व सचिन मिश्रा को बदेरा मंडल अध्यक्ष के तौर पर दोबारा मौका दिया गया है। इन्हें भी विधायक का नजदीकी माना जाता है। नए बने मंडल बेरमा में दिनेश कुशवाहा को अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि नए मंडल सोनवारी में मोनिका दहिया को जिम्मेदारी सौंपी गई है। मोनिका जिला महामंत्री थीं, उन्हें अब यह नई जिम्मेदारी दी गई है। ताला मंडल में सुमित गुप्ता अध्यक्ष बनाए गए है, जबकि पहले ताला मंडल के अध्यक्ष रहे अखिलेश सोनी इस बार कठहा मंडल के अध्यक्ष बने हैं। उन्हें सांसद गणेश सिंह व पूर्व मंत्री रामखेलावन पटेल का समर्थक माना जाता है। इसी तरह बड़वार मंडल का जिम्मा सांसद व पूर्व मंत्री के समर्थक माने जाने वाले विष्णुकांत पांडेय को दिया गया है। रामनगर मंडल के अध्यक्ष का दायित्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष प्रियंका पटेल को सौंपा गया है, जबकि मर्यादपुर मंडल के अध्यक्ष सांसद समर्थक नरेंद्र सिंह उईके बनाए गए हैं। अमरपाटन में भीड़ अमरपाटन मंडल में अध्यक्ष पद के लिए 11 लोगों ने दावेदारी की थी। दावेदारों की भीड़ के कारण इस मंडल पर अभी तक पार्टी के नेता न तो सहमति बना पाए और न निर्णय ले पाए। हालांकि शिवानंद त्रिपाठी, विजय गुप्ता, दीपक चौधरी तथा सुयश चतुर्वेदी के नाम अंतिम दौर तक पहुंचे हैं। ये बने मंडल प्रतिनिधि भाजपा ने मंडल प्रतिनिधि भी तय किये हैं। सूची के अनुसार अंबुज कुशवाहा मैहर , रामानंद पटेल नादन, कामता सोनी अमदरा, रणविजय सिंह परिहार बदेरा, नकछेदी कुशवाहा सोनवारी, दिलीप पटेल बेरमा, लता द्विवेदी ताला, राजकुमार शर्मा कठहा, मथुरा प्रसाद पटेल रामनगर, दीपक बैस मर्यादपुर व शंकर पटेल बड़वार के मंडल प्रतिनिधि बनाए गए हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *