सोनहत | ब्लॉक सोनहत के ग्राम पंचायत कार्यालय मेंड्रा के अक्सर बंद रहने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शुक्रवार को भी पंचायत भवन बंद रहने के कारण ग्रामीण कई बार चक्कर लगाने के बाद निराश होकर वापस लौट गए। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत भवन कभी-कभार ही खुलता है और सचिव केवल अपने कार्य संपादित करने के समय ही कार्यालय खोलते हैं। अन्यथा शासन की योजनाओं का लाभ लेने अथवा आवश्यक कार्यों के लिए ग्रामीणों को सचिव की तलाश करनी पड़ती है। ग्राम पंचायत मेंड्रा के आश्रित गांव भलुआर और रजपुरी पंचायत भवन से 4 किमी की दूरी पर स्थित हैं। पंचायत भवन के बंद रहने से इन गांवों के लोगों को अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क की समस्या भी बनी रहती है। ऐसे में राशन कार्ड, मनरेगा कार्य, पेंशन सहित अन्य शासकीय योजनाओं से जुड़े कार्यों के लिए ग्रामीणों को बार-बार भटकना पड़ता है।


