सीहोर जिले में दो दिन की राहत के बाद शनिवार को एक बार फिर घना कोहरा छा गया। सुबह के समय हालात ऐसे रहे कि दृश्यता घटकर महज 20 मीटर तक सिमट गई। भोपाल-इंदौर हाईवे पर भी कोहरे का असर साफ नजर आया, जहां वाहनों की हेडलाइटें धुंध में मुश्किल से दिखाई दे रही थीं। कोहरे की मोटी परत खेतों पर भी जमी रही। फसलों पर ओस की सफेद चादर बिछी दिखाई दी और पूरा इलाका धुंध और नमी की गिरफ्त में रहा। सुबह के समय जनजीवन प्रभावित रहा, खासकर हाईवे और ग्रामीण मार्गों पर वाहन रेंगते नजर आए। तापमान में 2 डिग्री की गिरावट मौसम के लिहाज से शनिवार को जिले का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शुक्रवार की तुलना में तापमान में करीब 2 डिग्री की गिरावट आई है। इससे ठंड का असर और बढ़ गया है। गौरतलब है कि जनवरी की शुरुआत में भी सीहोर में लगातार तीन दिन तक घना कोहरा छाया रहा था। इसके बाद कुछ दिनों तक मौसम साफ रहा, लेकिन शनिवार को फिर से कोहरे की वापसी हो गई। यह स्थिति सुबह कई घंटों तक बनी रही। मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस.एस. तोमर के अनुसार, हवाओं की दिशा दक्षिण-पूर्व की ओर हो गई है। इसी कारण आने वाले दिनों में मावठे यानी शीतकालीन वर्षा की संभावना बन रही है।


