मंदसौर शीतलहर से कांपा, स्कूलों में 13 जनवरी तक छुट्टी:सुबह 10 बजे तक नहीं निकली धूप, ओस की चादर छाई, 50 मीटर रही विजिबिलिटी

मंदसौर सहित पूरे अंचल में इन दिनों शीतलहर का असर बना हुआ है। लगातार गिरते तापमान और घने कोहरे के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। हालात को देखते हुए प्रशासन ने नर्सरी से पांचवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए 13 जनवरी तक अवकाश घोषित कर दिया है। वहीं, कोहरे की वजह से रेल यातायात भी प्रभावित हुआ है और कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं। शुक्रवार रात मंदसौर में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि शनिवार सुबह यह और गिरकर 9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। सुबह 10 बजे तक धूप नहीं निकल सकी और पूरा शहर ओस की मोटी चादर में लिपटा नजर आया। ठंड के साथ सुबह और रात में घना कोहरा छा रहा है, जिससे ग्रामीण इलाकों में दृश्यता घटकर करीब 50 मीटर रह गई। लोग अलाव जलाकर ठंड से बचाव करते दिखे। दो तस्वीरों में देखिए कोहरा… देरी से पहुंच रही ट्रेनें कोहरे का असर रेल सेवाओं पर भी पड़ा। भगत की कोठी एक्सप्रेस करीब 35 मिनट की देरी से मंदसौर पहुंची, जबकि इंदौर-जोधपुर एक्सप्रेस लगभग 47 मिनट विलंब से आई। इससे यात्रियों को स्टेशनों पर इंतजार करना पड़ा। शीतलहर को देखते हुए प्रशासन ने नर्सरी से कक्षा 5 तक के विद्यार्थियों के लिए 13 जनवरी तक अवकाश घोषित किया है। वहीं कक्षा 6 से 8 तक की कक्षाएं सुबह 10 बजे से संचालित होंगी। मौसम विभाग के अनुसार, इस समय मालवा और निमाड़ क्षेत्र में सर्दी का सबसे ज्यादा असर देखा जा रहा है। इंदौर और उज्जैन संभाग के कुल 15 जिलों में शीतलहर और कोल्ड डे जैसी स्थिति बनी हुई है। पहाड़ी राज्यों में हुई बर्फबारी और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण मध्य प्रदेश में ठंड का असर और बढ़ गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *