डौंडी| विकासखंड डौंडी के कोपेडेरा के किसान फूलसिंह खेती-किसानी पर निर्भर जीवन यापन कर रहे थे। कृषि से आय सीमित होने के कारण उनका परिवार अतिरिक्त आय के लिए बकरी पालन में उतरा। शुरुआत में फूलसिंह को बकरियों के लिए पक्का शेड नहीं था, जिससे बारिश और बीमारियों के कारण कई बकरियां हानि होती थीं। तब मनरेगा के कार्यक्रम अधिकारी नीरज वर्मा ने उनके प्रस्ताव के आधार पर जिला कार्यालय से 66 हजार की स्वीकृति दिलवाई और बकरी पालन के लिए शेड निर्माण कराया। अब फूलसिंह बारिश में भी बकरियों को सुरक्षित रख पा रहे हैं। उनके पास वर्तमान में 25 स्वस्थ बकरियां हैं। फूलसिंह बताते हैं, अगर शेड नहीं बनता तो निर्माण कराना हमारे लिए मुश्किल था। फूलसिंह और उनकी पत्नी पिछले तीन-चार वर्षों से बकरी पालन कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने 40 बकरियां बेचकर 2 लाख रुपये से अधिक कमाए, जिसे बच्चों की पढ़ाई, खेत और घर के निर्माण में खर्च किया।


