रीवा जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग के तहत संचालित बाल विकास परियोजनाओं में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के पदों पर भर्ती की प्रक्रिया जारी है। जिले में कुल 74 पदों पर नियुक्ति की जाएगी, जिसमें आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के 22 और सहायिका के 52 पद शामिल हैं। इन पदों के लिए केवल ऑनलाइन आवेदन स्वीकार किए जा रहे हैं और आवेदन की अंतिम तिथि 10 जनवरी निर्धारित की गई है। जिला कार्यक्रम अधिकारी नयन सिंह ने बताया कि पात्र महिला अभ्यर्थी एमपी ऑनलाइन के माध्यम से तैयार किए गए चयन पोर्टल पर आवेदन कर सकती हैं। सभी पद अस्थायी हैं और नियुक्ति मानदेय के आधार पर की जाएगी। इन परियोजनाओं में भरे जाएंगे कार्यकर्ता के पद आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के पद परियोजना रायपुर क्रमांक एक में तीन, रीवा शहरी में एक, जवा में चार, रीवा ग्रामीण में एक, सिरमौर एक में चार, सिरमौर दो में एक, त्योंथर में एक, रायपुर कर्चुलियान परियोजना दो में दो, गंगेव परियोजना दो में तीन और रीवा परियोजना दो में दो पद भरे जाएंगे। सहायिका के 52 पदों पर भी भर्ती आंगनवाड़ी सहायिका पद के लिए परियोजना रायपुर क्रमांक एक में पांच, रीवा शहरी में 10, जवा में 11, गंगेव परियोजना एक में तीन, रीवा ग्रामीण एक में दो, सिरमौर एक में चार, सिरमौर दो में दो, त्योंथर में चार, रायपुर कर्चुलियान परियोजना दो में दो, गंगेव परियोजना दो में चार और रीवा परियोजना दो में पांच पद निर्धारित किए गए हैं। स्थानीय निवासी जरूरी, आवेदन जिस आंगनवाड़ी केंद्र के लिए किया जाएगा, आवेदिका का उसी गांव (ग्रामीण क्षेत्र) या उसी वार्ड (शहरी क्षेत्र) की निवासी होना अनिवार्य है। इन पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता हायर सेकेंडरी उत्तीर्ण निर्धारित की गई है। आवेदिका की आयु 1 जनवरी 2025 की स्थिति में 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। शैक्षणिक योग्यता और अन्य अर्हताओं की विस्तृत जानकारी चयन पोर्टल पर उपलब्ध है। आवेदन पत्र भरने के बाद यदि किसी प्रकार की त्रुटि होती है, तो उसमें सुधार करने का मौका 12 जनवरी तक दिया जाएगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे।


