गुना में पुलिस पर हमले के बाद एसपी ने चांचौड़ा थाना प्रभारी को लाइन अटैच किया है। सोमवार को पेंची गांव में पुलिस टीम पर हुए हमले के बाद यह एक्शन लिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिशें दे रही हैं। अभी तक दो आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। मामला 28 दिसंबर को दर्ज एक युवती की गुमशुदगी से जुड़ा है। मोहम्मदपुर निवासी लोधा समाज की युवती मीना समाज के युवक के साथ गायब हुई थी। दोनों ने 1 जनवरी को प्रेम-विवाह कर लिया था। सोमवार को ग्रामीण और समाजबंधु बीनागंज चौकी पहुंचे थे और युवती को उनके सुपुर्द करने की मांग कर रहे थे। पुलिस ने युवती के बालिग होने के कारण उसके बयान दर्ज किए और उसे वन-स्टॉप सेंटर भेजा। युवती ने भी युवक के साथ रहने और अपनी सुरक्षा की मांग की थी। इसके बाद ग्रामीण चौकी से लौट गए। नेशनल हाईवे जाम, आरक्षक को बंधक बनाया
गांव पहुंचते ही कुछ लोगों ने एनएच-46 पर चक्काजाम की कोशिश शुरू कर दी। युवक के घर में आग लगाने की बातें करने लगे। स्थिति बिगड़ने की आशंका पर एक आरक्षक मौके पर पहुंचा, लेकिन भीड़ ने उसे घेरकर बंधक बना लिया और लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी के साथ पुलिस और एसएएफ के आधा दर्जन जवान मौके पर पहुंचे, मगर खेतों की ओर से आई भीड़ ने उन पर भी हमला कर दिया। लोग आए और लाठी-डंडों से हमला किया
अचानक लोगों की संख्या बढ़ी और लाठी-डंडों से हमला किया। पुलिस जवानों की आंखों में मिर्ची डाली, कई जवानों को गंभीर चोटें आईं। महिलाओं द्वारा पत्थरबाजी भी की गई, जिससे एक पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। प्रधान आरक्षक मंगलसिंह तोमर और एसएएफ के एक एएसआई सहित कई जवान घायल हुए। घायल पुलिसकर्मियों और एसएएफ जवानों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस मामले में 29 नामजद सहित अज्ञात आरोपियों पर हत्या के प्रयास, बलवा, मारपीट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। थाना प्रभारी लाइन अटैच
इस मामले में एसपी अंकित सोनी ने एक्शन लेते हुए चांचौड़ा थाना प्रभारी टीआई मनोज मेहरा को लाइन अटैच कर दिया है। एसपी कार्यालय से जारी आदेश में कहा कि थाना चांचौडा में दर्ज गुमशुदगी कमांक 79/25 के प्रकरण में गुमशुदा युवती की दस्तयाबी उपरांत युवती के परिजनों द्वारा ग्राम पैंची में एकत्रित होकर नियम विरूद्ध सुपुर्दगी की मांग को लेकर पुलिस पर हमला किया गया। इसमें निरीक्षक मनोज कुमार मेहरा, थाना प्रभारी चांचौडा द्वारा समय रहते स्थिति का सही आकलन नहीं किया और युवती के परिजनों के विरोध को दृष्टिगत रखते हुए न तो स्वयं मौक पर पहुंचे और न ही समुचित बल मौके पर पहुंचाया। निरीक्षक मनोज कुमार मेहरा द्वारा पदीय कर्तव्यों के निर्वहन में प्रदर्शित की गयी। इस गंभीर लापरवाही के कारण उपरोक्त अप्रिय स्थिति निर्मित होकर कानून व्यवस्था की स्थिति निर्मित हुई। अतएव पदीय कर्तव्य के निर्वहन में लापरवाही प्रदर्शित करने के लिए निरीक्षक मनोज कुमार मेहरा, थाना प्रभारी, चांचौडा को तत्काल प्रभाव से पुलिस लाइन, गुना संबद्ध किया जाता है।


