उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने उमरिया जिला अस्पताल का निरीक्षण किया:डॉक्टरों-मरीजों से की बात, बोले- मैदानी दौरे से होता है समस्याओं का समाधान

मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने उमरिया जिले का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने जिला अस्पताल का निरीक्षण किया और डॉक्टरों व मरीजों से बातचीत की। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मैदानी दौरों से जमीनी समस्याओं का समाधान होता है। शुक्रवार को बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के ताला मुख्यालय में रात्रि विश्राम के बाद शनिवार सुबह उन्होंने जंगल सफारी की। इसके उपरांत वे उमरिया पहुंचे, जहां उन्होंने सागेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन किए। बाद में, उन्होंने भाजपा जिला कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक की। भाजपा बैठक के बाद उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला जिला चिकित्सालय पहुंचे। यहां उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने डॉक्टरों से उपलब्ध संसाधनों, स्टाफ की स्थिति और मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उपमुख्यमंत्री ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से भी बातचीत की और उनके उपचार तथा सुविधाओं के संबंध में प्रतिक्रिया ली। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से मैदानी दौरे करने की सलाह दी, ताकि जमीनी स्तर की समस्याओं की सही जानकारी मिल सके और उनका समय पर समाधान हो सके। उपमुख्यमंत्री ने सेडमैप (SEDMAP) भर्ती प्रक्रिया में सामने आए फर्जीवाड़े के मुद्दे पर स्वास्थ्य समिति की बैठक में चर्चा करने की बात भी कही। इस अवसर पर विधायक शिवनारायण सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष अग्रवाल सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। उपमुख्यमंत्री के जिला चिकित्सालय निरीक्षण की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया था। सीएमएचओ, सिविल सर्जन सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने एक दिन पहले ही अस्पताल की व्यवस्थाएं दुरुस्त कराईं। शुक्रवार को अस्पताल परिसर की साफ-सफाई भी आनन-फानन में कराई गई, ताकि निरीक्षण के दौरान कोई अव्यवस्था सामने न आए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *