दमोह में शनिवार दोपहर से बुंदेलखंड फिल्म फेस्टिवल और फिल्म पर्यटन समागम की शुरुआत हुई। संस्कृति और पर्यटन विभाग की मदद से हो रहा यह कार्यक्रम 10 और 11 जनवरी तक चलेगा। उद्घाटन के मौके पर मशहूर अभिनेता मुकेश तिवारी, पर्यटन राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी और कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत में अतिथियों का फूलों से स्वागत किया गया। बुंदेलखंड को फिल्म शूटिंग का हब बनाने की तैयारी इस आयोजन का असली मकसद बुंदेलखंड की संस्कृति और यहां की खूबसूरत लोकेशन को दुनिया के सामने लाना है। अभिनेता मुकेश तिवारी ने कहा कि यह फेस्टिवल स्थानीय कलाकारों को एक बड़ा मंच देगा और क्षेत्र में फिल्म निर्माण के नए रास्ते खोलेगा। वहीं, पर्यटन राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि जिस तरह भोजपुरी फिल्में मशहूर हैं, उसी तर्ज पर बुंदेलखंड में भी फिल्मों का बड़े पैमाने पर निर्माण हो। स्थानीय कलाकारों को मिलेगा मौका दो दिनों तक चलने वाले इस समागम में फिल्मों और पर्यटन को बढ़ावा देने पर चर्चा होगी। जानकारों का मानना है कि बुंदेलखंड में ऐसी कई जगहें हैं जो फिल्म शूटिंग के लिए बेहतरीन हैं। इस आयोजन से न केवल पर्यटन बढ़ेगा बल्कि यहां के युवाओं को भी एक्टिंग और फिल्म मेकिंग के क्षेत्र में रोजगार के अवसर मिलेंगे। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम स्थल पर पुलिस के कड़े इंतजाम किए गए हैं।


