झाबुआ के मेला मैदान में एक युवक के सामने ही उसकी बाइक चोरी हो गई। घटना शुक्रवार देर शाम की है। पुलिस ने शनिवार को आरोपी को चोरी की बाइक के साथ बस स्टैंड क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान मारुति नगर निवासी शाहनवाज उर्फ सन्नाटा के रूप में हुई है, जो पहले भी कई चोरी की वारदातों में शामिल रहा है। पीड़ित के सामने ही बाइक लेकर फरार हुआ आरोपी ग्राम बलवन छोटी निवासी अनिल सिंगाड़िया (18) शुक्रवार शाम अपनी हीरो एचएफ डिलक्स बाइक (MP45MS8084) लेकर उत्कृष्ट स्कूल के सामने स्थित मेला मैदान पहुंचा था। जब वह मेले का आनंद ले रहा था, तभी उसने देखा कि शाहनवाज उसकी बाइक को मास्टर-की या तार डायरेक्ट कर स्टार्ट करने की कोशिश कर रहा था। अनिल जब तक कुछ समझ पाता और शोर मचाते हुए उसकी ओर दौड़ता, आरोपी बाइक स्टार्ट कर भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गया। पीड़ित ने रात भर मारुति नगर, हुड़ा मोहल्ला और हाथी पावा जैसे इलाकों में आरोपी की तलाश की, लेकिन कोई सुराग न मिलने पर वह घर लौट गया। आरोपी के खिलाफ थाने में दर्ज कराई शिकायत शनिवार सुबह अनिल ने झाबुआ कोतवाली थाने पहुंचकर आरोपी शाहनवाज के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसे वह पहले से पहचानता था। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली टीआई आर.सी. भास्करे ने तत्काल एक टीम गठित की। पुलिस ने बस स्टैंड से किया गिरफ्तार पुलिस की सक्रियता के चलते आरोपी शाहनवाज उर्फ सन्नाटा को बस स्टैंड क्षेत्र से चोरी की बाइक के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी एक शातिर अपराधी है और पूर्व में भी चोरी की कई वारदातों में शामिल रहा है। फिलहाल, पुलिस आरोपी से कड़ी पूछताछ कर रही है ताकि शहर में हुई अन्य वाहन चोरियों का भी खुलासा किया जा सके।


