राजस्थान प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी ने मनरेगा योजना को कमजोर करने और नाम बदलने के केंद्र सरकार के कथित प्रयासों के खिलाफ आगामी कार्यक्रमों पर बेठक की। जिसमें जिला संगठन प्रभारी प्रदेश उपाध्यक्ष अजीत यादव मुख्य मेहमान रहे। बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विधायक संजय कुमार और विधायक शोभा रानी कुशवाहा ने की। बैठक में ‘मनरेगा बचाओ, संग्राम जनजागरण अभियान’ का आगाज किया गया। यह अभियान आगामी 45 दिनों तक जिला स्तर से लेकर ब्लॉक, मंडल और बूथ स्तर तक चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य गांव, गरीब और मजदूर के हितों की रक्षा करना है। जिला संगठन प्रभारी अजीत यादव ने कहा कि काम के अधिकार की रक्षा के लिए कांग्रेस पार्टी के सिपाही सड़क से लेकर संसद तक लड़ेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार मनरेगा पर ‘बुलडोजर चलाकर’ गरीबों के हितों पर हमला कर रही है। यादव ने जोर देकर कहा कि कांग्रेस गांव, गरीब और मजदूर के संवैधानिक अधिकारों पर हमला किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी। जिला कांग्रेस अध्यक्ष विधायक संजय कुमार ने कहा कि गरीबों के हक के लिए कांग्रेस पार्टी सड़क से लेकर संसद तक लड़ेगी। उन्होंने मनरेगा की गांव के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला और कहा कि जो लोग इसे कमजोर कर रहे हैं, वे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के ग्राम स्वराज की परिकल्पना को सार्थक नहीं होने देना चाहते। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत 11 जनवरी को गांधी पार्क में उपवास का कार्यक्रम भी रखा जाएगा। विधायक शोभा रानी कुशवाहा ने महात्मा गांधी का नाम हटाने को गलत बताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी इस देश की आत्मा हैं और यह योजना गरीबों के कल्याण के लिए बनाई गई थी।


