केंद्र और राज्य के अथक प्रयासों से जल्द नक्सल मुक्त होने वाला है हमारा छत्तीसगढ़: राज्यपाल

भास्कर न्यूज | बालोद शुक्रवार को ग्राम दुधली (मालीघोरी) में पहले राष्ट्रीय रोवर रेंजर जंबूरी का आगाज हुआ। मुख्य अतिथि राज्यपाल रमेन डेका ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान देश के कई राज्यों से पहुंचे रोवर रेंजर ने मार्चपास्ट कर राज्यपाल व अन्य अतिथियों को सलामी दी। हौसला ऐसा रहा कि सुबह 9 से दोपहर 2 बजे तक रोवर रेंजर डटे रहे। जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, कर्नाटक, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र सहित अन्य राज्यांे से पहुंचे रोवर रेंजर प्रतिभागियों ने यहां की संस्कृ़ति की सराहना कर छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया कहा। राज्यपाल एवं अतिथियों ने जंबूरी पत्रिका एवं नए बैज का विमोचन भी किया। मेजबान छत्तीसगढ़ के रोवर रेंजरों के पारंपरिक एवं सुआ गीत तथा राष्ट्रीय भावना से ओतप्रोत सुमधुर एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। राज्यपाल ने कहा कि जंबूरी केवल एक शिविर ही नहीं बल्कि एकता, विविधता, भाईचारा और साझा उद्देश्यों का उत्सव है। युवाओं को राष्ट्र के नव निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी देने का आह्वान भी किया। राज्यपाल ने कहा कि जंबूरी एक जीवंत शिक्षालय है, जहां विभिन्न राज्यों, भाषाओं और परम्परा से आए युवा एक परिवार के रूप में एकत्रित होते हैं। भारत स्काउट्स गाइड्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल जैन ने कहा कि छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के ग्राम दुधली में प्रथम राष्ट्रीय रोवर रेंजर जंबूरी का आयोजन अपने आप में अत्यंत महत्वपूर्ण है। पारस्परिक सम्मान भी सीखते हैं प्रतिभागी राज्यपाल ने कहा कि जंबूरी के शिविर में प्रतिभागी युवा-युवती कला, साहसिक गतिविधियां, लोककलाएं, नेतृत्व मंच और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के माध्यम से केवल कौशल ही नहीं अपितु सहानुभूति सहयोग और पारस्परिक सम्मान भी सीखते हैं। उन्होंने कहा कि वास्तव में जंबूरी भारत शास्वत अवधारणा वसुधैव कुटुम्बकम संपूर्ण विश्व एक परिवार का सजीव उदाहरण है। देश में पहली बार आयोजित हो रही यह राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी पूरे राष्ट्र के लिए गौरव का विषय है। प्रदेश की मनोरम प्राकृतिक सौंदर्य गौरवशाली संस्कृति की सराहना कर कहा कि छत्तीसगढ़वासियों का सहज, सरल स्वभाव हम सभी के दिलों को छूता है। प्राकृतिक संसाधनों से परिपूर्ण प्रकृति के बीच स्थित हमारा छत्तीसगढ़ राज्य केन्द्र एवं राज्य के अथक प्रयासों से नक्सल मुक्त होने वाला है। रेलवे, नवोदय विद्यालय सहित 33 राज्यों से पहुंचे हैं आयोजन में देश के सभी राज्यों के अलावा रेलवे, नवोदय विद्यालय सहित कुल 33 राज्यों के प्रतिभागी रोवर रेंजर शामिल हो रहे हैं। इस दौरान जिपं अध्यक्ष तारणी पुष्पेन्द्र चंद्राकर, उपाध्यक्ष तोमन साहू, सचिव शिक्षा विभाग सिद्धार्थ कोमल परदेशी, संभागायुक्त एसएन राठौर, आईजी राम गोपाल गर्ग, कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा, एसपी योगेश पटेल, जिपं सीईओ सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक मौजूद रहे। निरंतर अग्रसर रहने की सीख मिलती है: आयुक्त भारत स्काउट गाइड के मुख्य राष्ट्रीय आयुक्त डॉ. केके खण्डेलवाल ने छत्तीसगढ़ की गौरवशाली संस्कृति का उल्लेख किया। उन्होंने जंबूरी में शामिल युवा-युवतियों को जीवन में आने वाले उतार-चढ़ाव का सामना करते हुए प्रगति के पथ पर निरंतर अग्रसर रहने की सीख भी दी। राज्य मुख्य आयुक्त इंदरजीत खालसा, जिला मुख्य आयुक्त राकेश यादव ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *