महात्मा गांधी मनरेगा का नाम बदले जाने के बाद अब कांग्रेस लंबी लड़ाई लड़ने के मूड में नजर आ रही है। कांग्रेस की ओर से नरेगा का नाम जी राम जी करने पर प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा। आंदोलन के तहत अनशन, धरना प्रदर्शन सहित जन जागरण अभियान चलाया जाएगा। इसी कड़ी में आज सवाई माधोपुर सर्किट हाउस में जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। जिसमें एआईसीसी सचिव दानिश अबरार, कांग्रेस जिला संगठन प्रभारी पुष्पेंद्र भारद्वाज और कांग्रेस जिला अध्यक्ष व बामनवास विधायक इंदिरा मीणा मौजूद रहे। रविवार को करेंगे अनशन इस दौरान एआईसीसी दानिश अबरार ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी की ओर से मारेगा की आत्मा को खत्म करने के लिए यह कानून लाया गया है। जिसमें 125 दिन का काम देने की गारंटी दी गई है। जबकि वर्तमान में नरेगा में औसत 40 दिनों का काम ही मिल पा रहा है। ऐसे में भाजपा हमेशा की तरह लोगों को मूर्ख बनाना चाहती है। मीडिया को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिला अध्यक्ष और बामनवास विधायक इंदिरा मीणा ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से मनरेगा को खत्म कर जी राम जी को लाया गया है। जिसमें 60 दिन तक काम नहीं देने की गारंटी दी गई है, जबकि कांग्रेस के नरेगा कानून में 15 दिन के भीतर लोगों को काम देने की गारंटी दी गई थी। इस दौरान संगठन प्रभारी पुष्पेंद्र भारद्वाज ने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार रविवार को राजस्थान के सभी जिला मुख्यालयों पर पांच घंटे तक नरेगा का नाम बदले जाने के विरोध में अनशन किया जाएगा। सवाई माधोपुर में अंबेडकर सर्किल पर इसे लेकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इसी के साथ ही 29 जनवरी तक विभिन्न तरीकों से कांग्रेस की ओर से विरोध जताया जाएगा। पुष्पेंद्र भारद्वाज ने कहा कि नरेगा को खत्म कर भाजपा सरकार ने अपने पैरों पर कुल्हाड़ी मार ली है अब कांग्रेस की ओर से गांव और बूथ लेवल तक जाकर लोगों को जागरूक किया जाएगा।


