बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ में पुलिस ने एक लाख 74 हजार रुपए मूल्य के पांच-पांच सौ रुपए के नकली नोट बरामद किए हैं। पुलिस ने गंगाजल नामक एक युवक को गिरफ्तार भी किया है, जिसके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज है। ये मामले भी नकली नोटों से जुड़े हैं। थानाधिकारी कश्यप सिंह ने बताया कि नकली नोटों का जखीरा गंगाजल पुत्र उमाराम जाट से बरामद हुआ है। उसके पास पांच सौ रुपए के 348 नोट मिले थे। ये सभी नोट नकली थी। उमाराम आदतीन अपराधी है और उसके खिलाफ श्रीडूंगरगढ़ सहित कई थानों में पहले से मामले दर्ज है। श्रीडूंगरगढ़ पुलिस थाने के सब इंस्पेक्टर मोहनलाल कड़वासरा को सूचना मिली थी कि क्षेत्र में नकली नोटों की खेप बाहर भेजने की तैयारी की जा रही है। इस पर कड़वासरा के नेतृत्व में पुलिस बल ने छापेमारी की। गंगाजल ये रुपए किसी को देने जा रहा था। इस दौरान बाना से ऊपनी गांव के बीच रोड पर पुलिस ने उसे रोक लिया। तलाशी लेने पर उसके पास पांच-पांच सौ रुपए के नोट मिले। सही जवाब नहीं देने पर पुलिस ने सख्ती दिखाई। तब पता चला कि ये रुपए नकली है और उसकी सप्लाई करने जा रहा था। पुलिस अब उस जगह की तलाश कर रही है, जहां ये नोट छापे जा रहे हैं। इससे पहले भी श्रीडूंगरगढ़ में नकली नोटों की छपाई के मामले सामने आ चुके हैं। सामान्य प्रिंटर के माध्यम से नोट छापे जा रहे हैं। पुलिस अब मशीन बरामद करने में जुटी है। फिलहाल गंगाजल से पूछताछ हो रही है।


