सिंगरौली के वैढ़न में राज्यस्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता शुरू:खिलाड़ी दो दिन साधेंगे निशाना, विजेता नेशनल चैंपियनशिप में जाएंगे

सिंगरौली जिले के वैढ़न स्थित राजमाता चुनकुमारी स्टेडियम में शनिवार को 16वीं राज्यस्तरीय मिनी एवं किड्स तीरंदाजी प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। मध्यप्रदेश अमेच्योर तीरंदाजी संघ के निर्देशन में सिंगरौली जिला तीरंदाजी संघ द्वारा आयोजित यह दो दिवसीय प्रतियोगिता है। इसमें प्रदेशभर से नन्हे तीरंदाज अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिता का शुभारंभ सांसद प्रतिनिधि संतोष वर्मा ने मुख्य अतिथि के तौर पर किया। विशिष्ट अतिथियों में भाजपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष कमलेश वैश्य, मध्यप्रदेश तीरंदाजी संघ के सचिव डीके विद्यार्थी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष चंद्रिका वैश्य, किसान मोर्चा जिला उपाध्यक्ष धर्मराज वैश्य, नारायण वैश्य, नित्यानंद वैश्य और सुभाष वैश्य शामिल रहे। अतिथियों ने मैदान पर तीर चलाकर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया। कार्यक्रम की शुरुआत में जिला तीरंदाजी संघ के सचिव कृतदेव वैश्य ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। इस प्रतियोगिता की एक खास बात यह है कि यहां बेहतर प्रदर्शन करने वाले विजेता प्रतिभागियों को नेशनल तीरंदाजी चैंपियनशिप में खेलने का अवसर मिलेगा। इससे बच्चों में उत्साह और प्रतिस्पर्धा की भावना बढ़ी है, साथ ही प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचने का मार्ग प्रशस्त होगा। राज्य स्तरीय इस प्रतियोगिता में मेजबान सिंगरौली के अलावा भोपाल, धार, इंदौर, जबलपुर, झाबुआ, मंडला, नर्मदापुरम, सीहोर, उज्जैन और साईं धार से आई टीमों ने अपने कोच व टीम मैनेजर के साथ भाग लिया है। प्रतियोगिता में राज्य स्तर से अमित जैन (टेक्निकल), नंदलाल अहिरवार, जसवंत सिंह, राजेश तंबोलिया तथा सिंगरौली जिला तीरंदाजी संघ के कोच इंद्रदेव ने जज की भूमिका निभाई। पहले दिन अंडर-13, अंडर-10 और अंडर-7 आयु वर्ग के मुकाबले हुए। अंडर-13 बॉयज वर्ग में अथर्व ने प्रथम, आदित्य ने द्वितीय और लक्ष्य ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, गर्ल्स वर्ग में भार्गवी प्रथम, इशानी शर्मा द्वितीय और आज्या जैन तृतीय स्थान पर रहीं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *