शाजापुर के सुनेरा थाना क्षेत्र के ग्राम बछानिया में पुरानी रंजिश को लेकर एक ही समुदाय के दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। हनुमान मंदिर के पास दोनों गुटों में विवाद इतना बढ़ गया कि लाठी-डंडों से मारपीट हो गई। इस दौरान कई लोग घायल हो गए। घटना शनिवार सुबह करीब 11:50 बजे से दोपहर 12:10 बजे की है। पुराने विवाद में राजीनामा न होने पर हुई मारपीट जानकारी के अनुसार, एक पक्ष की ओर से बछानिया निवासी जमील खां पिता हकीम खां ने सुनेरा थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि पुराने विवाद में राजीनामा न होने की बात को लेकर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। मना करने पर लकड़ी के डंडों से हमला किया गया। इस हमले में जमील खां सहित शकील खान, शरीफ खान, सलीम खान, रहीम खान, सईद खान और हमीद खान को सिर, हाथ, कंधे और कमर में गंभीर चोटें आईं। सभी घायलों को प्राथमिक इलाज के लिए जिला अस्पताल शाजापुर भेजा गया। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ दर्ज कराया मामला वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से बछानिया निवासी जाकीर पिता अकबर अली ने भी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि पुरानी रंजिश के चलते उनके साथ भी गाली-गलौज कर मारपीट की गई। इस दौरान लाठी-डंडों से हुए हमले में जाकीर, उनके जमाई जाफर, रईश और मुकरम सहित अन्य लोगों को सिर, आंख, नाक और हाथों में चोटें आईं। इस पक्ष के घायलों को भी इलाज के लिए जिला अस्पताल शाजापुर भेजा गया। घटना की सूचना मिलते ही सुनेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों पर अलग-अलग मामले दर्ज कर लिए हैं। विवाद के दौरान जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है। इस संबंध में सुनेरा थाना प्रभारी अंकित मुकाती ने बताया कि ग्राम बछानिया में दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना हुई है। दोनों ओर से प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और मामले की निष्पक्ष विवेचना की जा रही है। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क है और जांच जारी है।


