बीजेपी मजदूरों के अधिकारों को समाप्त कर रही:रतलाम में बोले कांग्रेस नेता- अपनी नाकामी छिपा रही; इंदौर आंदोलन में जाएंगे 3 हजार कार्यकर्ता

रतलाम जिला कांग्रेस अध्यक्ष (ग्रामीण) हर्ष विजय गेहलोत ने शनिवार को मीडिया से चर्चा करते हुए मनरेगा योजना का नाम बदलने को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इसे गरीबों के अधिकारों पर सीधा हमला और संविधान विरोधी मानसिकता बताया। गेहलोत ने चेतावनी दी कि कांग्रेस इसके विरोध में सड़क से संसद तक राष्ट्रव्यापी आंदोलन चलाएगी और गांव-गांव में ग्राम सभाओं में प्रस्ताव पास कराएगी। इसके अलावा, इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों के विरोध में 11 जनवरी को होने वाले आंदोलन में रतलाम से करीब 3 हजार कार्यकर्ता शामिल होंगे। गेहलोत ने कहा कि भाजपा मजदूरों के अधिकारों को समाप्त कर रही है। मनरेगा योजना का नाम बदलना केवल एक शब्द परिवर्तन नहीं है, बल्कि गरीबों के अधिकारों पर सीधा हमला है। यह संविधान विरोधी मानसिकता का प्रमाण है। भाजपा सरकार पहले रोजगार खत्म करती है, फिर रोजगार की गारंटी देने वाली योजना का नाम बदलकर अपनी नाकामी छिपाने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस सड़क से संसद तक इस मामले को उठाएगी और गरीब मजदूरों को उनका हक दिलाएगी। तानाशाही कर इतिहास मिटाने की साजिश गेहलोत ने कहा कि भाजपा सरकार तानाशाही कर इतिहास मिटाने की साजिश रचने का काम कर रही है। मनरेगा गरीबों का हक है। इसका नाम बदलकर संघ की विचारधारा थोपने की साजिश की जा रही है। योजना में 100 दिन के काम की गारंटी को 125 दिन देने की बात कही है, लेकिन मध्यप्रदेश में सरकार अभी सिर्फ एक परिवार को 24 दिन का रोजगार दे पा रही है। भगवान राम के नाम को बदनाम करने का प्रयास गेहलोत ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में इस योजना में भ्रष्टाचार के कई मामले पिछले सालों में सामने आए हैं। योजना में ‘जी राम जी’ नाम डालकर भगवान राम के नाम को भी बदनाम करने का प्रयास किया है। कांग्रेस पार्टी गांव-गांव में ग्राम सभाओं में इस नई योजना के खिलाफ प्रस्ताव लाकर उसे पास कराएगी। इसका उद्देश्य भाजपा की जनविरोधी नीतियों को बेनकाब करना है। इंदौर आंदोलन में 100 वाहनों से जाएंगे कार्यकर्ता शहर कांग्रेस अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा ने इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पेयजल से लोगों की मौत के मामले में 11 जनवरी को इंदौर में होने जा रहे आंदोलन की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह सरकार की नाकामी है। पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस सड़क पर उतरेगी। रतलाम शहर से 100 वाहनों से सैकड़ों लोग इंदौर पहुंचेंगे। जिले से करीब 3 हजार कांग्रेसी इंदौर आंदोलन में शामिल होंगे। इस दौरान कांग्रेस नेता पारस सकलेचा व अन्य कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *