ग्वालियर में बुजुर्ग के क्रेडिट-डेबिट कार्ड से ठगी:APK फाइल पर भेजा इन्वेस्टमेंट प्लान; क्लिक करते ही निकाल लिए 3.63 लाख रुपए

ग्वालियर के थाटीपुर इलाके में एक बुजुर्ग के साथ साइबर फ्रॉड का मामला सामने आया है। ठगों ने वॉट्सऐप पर भेजी गई APK फाइल के जरिए मोबाइल हैक कर SBI, ICICI और PNB बैंक के क्रेडिट-डेबिट कार्ड से कुल 3.63 लाख रुपए निकाल लिए। पीड़ित ने तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत कर FIR दर्ज कराई। थाटीपुर थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। शहर के शंकुतलापुरी निवासी 61 वर्षीय पंकज सक्सेना 9 जनवरी की शाम को अपने मोबाइल पर जरूरी काम कर रहे थे। इसी दौरान एक अनजान नंबर से वॉट्सऐप पर APK फाइल आई। जिसमें इन्वेस्टमेंट प्लान का ऑफर था। जैसे ही उन्होंने फाइल पर क्लिक किया, मोबाइल हैंग हो गया। लगा कि नेटवर्क की समस्या होगी। इस दौरान ठगों ने APK फाइल के जरिए उनका मोबाइल हैक कर लिया था। कुछ देर तक मोबाइल काम नहीं किया। जब मोबाइल बंद कर दोबारा चालू किया तो बैंक खातों से पैसे निकलने के मैसेज आने लगे। SBI, ICICI और PNB कार्ड से निकाली गई रकम
पीड़ित के अनुसार ठगों ने उनके SBI क्रेडिट कार्ड से 10,329 रुपए, ICICI क्रेडिट कार्ड से 10,329 रुपए, 15,493 रुपए, 1,41,131 रुपए और 1,60,566 रुपए, वहीं PNB बैंक कार्ड से 15,493 रुपए और 10,329 रुपए निकाले। इस तरह कुल 3,63,671 रुपए की ठगी की गई। मैसेज आते ही पंकज सक्सेना को ठगी का अहसास हुआ। उन्होंने तत्काल बैंक और पुलिस से संपर्क कर साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना दी। इसके बाद जीरो एफआईआर दर्ज की गई। जिसकी केस डायरी अब थाटीपुर थाने को भेजी गई है। APK फाइल से ऐसे होती है साइबर ठगी
पुलिस के साइबर एक्सपर्ट्स का कहना है कि मोबाइल पर आने वाली किसी भी APK फाइल पर क्लिक नहीं करना चाहिए। APK फाइल पर क्लिक करते ही मोबाइल हैक हो सकता है और ठगों को मोबाइल का पूरा एक्सेस मिल जाता है। इसके बाद ओटीपी, बैंक मैसेज और निजी डेटा ठगों तक पहुंच जाता है, जिससे वे आसानी से खाते से पैसे निकाल लेते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *