बेटे के जन्म से एक घंटे पहले पिता की मौत:शाहजहांपुर में पत्नी को अस्पताल भेजा, खुद बाइक से जा रहे थे, ट्रक ने रौंदा

शाहजहांपुर में बेटे के जन्म से पहले पिता की सड़क हादसे में जान चली गई। वह पत्नी को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराने ले गया था, लेकिन स्टाफ ने भर्ती नहीं किया। एक घंटे तक मिन्नतें कीं, लेकिन स्टाफ ने उसकी एक न सुनी। थक-हारकर एम्बुलेंस बुलाई। पत्नी को निजी अस्पताल भिजवाया। इसके बाद बाइक से वह खुद अस्पताल जा रहा था। रास्ते में ट्रक ने उसे रौंद दिया। टक्कर से वह डिवाइडर के दूसरी तरफ जा गिरा। मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के एक घंटे बाद पत्नी ने अस्पताल में बेटे को जन्म दिया। परिजनों ने उसे पति की मौत की जानकारी नहीं दी है। हादसा तिलहर में बीती रात 12 बजे नगरिया मोड़ पर हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। ट्रक चालक की तलाश में जुटी है। अब समझिए पूरा मामला तिलहर के रोशनपुर निवासी मनोज (27) की शादी 5 साल पहले हुई थी। शुक्रवार रात उनकी पत्नी सरस्वती (25) को प्रसव पीड़ा हुई। वह पत्नी को राजकीय मेडिकल कॉलेज लेकर गए। पिता सेवाराम ने बताया, “वहां स्टाफ ने डॉक्टर न होने की बात कहकर बहू को भर्ती नहीं किया। मनोज उनसे मिन्नतें करता रहा, लेकिन डॉक्टर नहीं पसीजे। कहने लगे ऑपरेशन होगा, लेकिन कोई डॉक्टर यहां नहीं है, इसलिए इन्हें यहां से लेकर जाइए। एक घंटे बाद बेटा मनोज और छोटा बेटा रमेश दूसरी एंबुलेंस बुक कर बहू को तिलहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराने के लिए रिश्तेदारों के साथ भेज दिया। इसके बाद मनोज बाइक से तिलहर के लिए रवाना हुआ। पीछे से छोटा बेटा रमेश अपनी बाइक से आ रहा था।” टक्कर से बेटे का सिर फटा, मौके पर मौत पिता ने बताया- रात करीब 12 बजे, तिलहर से करीब 12 किमी पहले नगरिया मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रक ने मनोज की बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बेटा उछलकर डिवाइडर की दूसरी तरफ जा गिरा। उसका सिर फट गया। हाथ और पैर की हड्डियां टूट गईं। उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पीछे चल रहे भाई रमेश ने हम लोगों को सूचना दी। बार-बार पति को बुला रही बहू, अब हम क्या करें इधर, रात एक बजे मनोज की पत्नी ने ऑपरेशन से एक बच्चे को जन्म दिया। ये मनोज और सरस्वती का का पहला बच्चा है। पिता सेवाराम ने मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों को हादसे का जिम्मेदार बताया। उन्होंने कहा- अगर बहू को डॉक्टर भर्ती कर लेते तो मनोज को रात में तिलहर नहीं जाना पड़ता और यह हादसा भी नहीं होता। बहू को हम लोगों ने मनोज के निधन की जानकारी नहीं दी है, लेकिन वह बार-बार मनोज को बुला रही है। अब हम लोग क्या करें। —————- ये खबर भी पढ़ें बाघ लड़की को खा गया, 3 टुकड़ों में मिला शव:महाराजगंज में मां बेसुध, बोलीं- मुझे भी मार दें, जी कर क्या करूंगी महाराजगंज में 14 साल की लड़की को बाघ खा गया। उसका शव तीन टुकड़ों में मिला। एक हाथ शव से 10 मीटर दूर पड़ा था। पेट का मांस भी बगल में पड़ा था। सीने से मांस और कान गायब थे। शरीर पर एक भी कपड़ा नहीं था। पूरी खबर पढ़ें

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *