सरगुजा जिले के बतौली-बगीचा मार्ग में तेज रफ्तार स्कूटी सामने से आ रही कार से जा टकराई। हादसे में स्कूटी सवार नाबालिग कार के नीचे घुस गए। घायलों में एक छात्र की अंबिकापुर में इलाज के दौरान मौत हो गई एवं दूसरे की हालत गंभीर है। घटना बतौली थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, स्कूटी सवार वैभव खलखो 14 वर्ष एवं नैतिक गुप्ता 12 वर्ष शनिवार दोपहर ट्यूशन पढ़ने के लिए बतौली से बिलासपुर की ओर जा रहे थे। बतौली गायत्री मंदिर के पास तेज रफ्तार में स्कूटी सामने से आ रही मारुती स्विफ्ट कार से जा टकराई। दोनों नाबालिग स्कूटी सहित कार के नीचे घुस गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी के सामने का हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। एक नाबालिग की मौत, दूसरा गंभीर
हादसे की जानकारी मिलने पर बतौली के आनंद कुमार गुप्ता और मुकेश कुमार गुप्ता मौके पर पंहुचे। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को निकालकर अपनी कार से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पंहुचाया। अस्पताल में घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अंबिकापुर रेफर कर दिया गया। हादसे में वैभव खलखो का बायां पैर और हाथ टूट गए थे और पेट में अंदरूनी चोटें आई थीं। वैभव को उसके परिजन अपनी कार से अंबिकापुर लेकर पहुंचे, जहां शाम को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। दूसरे नाबालिग नैतिक गुप्ता के बाएं पैर, सिर, चेहरे और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। उसका इलाज अंबिकापुर के हॉस्पिटल में चल रहा है। दोनांे नाबालिग स्कूटी सवारों ने हेलमेट नहीं पहना था। बतौली पुलिस मामले की जांच कर रही है। सड़क में गड्ढे बन रहे हादसे का कारण
बतौली-बगीचा मार्ग जर्जर हो गई है। सड़क में गड्ढों के कारण गड्ढों से बचने की कोशिश कर रहे वाहन सवार लगातार हादसे का शिकार हो रहे हैं। जहां आज हादसा हुआ, वहां भी सड़क पर अनगिनत गड्ढे हैं। पीडब्लूडी द्वारा सड़क मरम्मत का प्रस्ताव दिया गया है, लेकिन अभी काम शुरू नहीं हो सका है।


