अनूपपुर में तेंदुए का शिकार करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार:जंगली सुअर के लिए लगाया था करंट, तेंदुआ का शव खाई में फेंक छिपाया था सामान

अनूपपुर में तेंदुए के शिकार मामले में वन विभाग ने चार शिकारियों को गिरफ्तार किया है। जैतहरी नगर परिषद के वार्ड क्रमांक 14 और 15 से सटे जंगल और राजस्व भूमि के बीच 7 जनवरी को बिजली के करंट से एक तेंदुए की मौत हो गई थी। वन विभाग टीम ने चार आरोपियों को पकड़ा वन परिक्षेत्र अधिकारी जैतहरी विवेक मिश्रा ने बताया कि तेंदुए की मौत की घटना के बाद मुख्य वन संरक्षक के निर्देश पर एक टीम गठित की गई थी। जांच के दौरान शहडोल के डॉग स्क्वॉड की मदद से संदिग्धों को जैतहरी वन विश्राम गृह लाकर पूछताछ की गई। पूछताछ में संदिग्धों ने अन्य व्यक्तियों की पहचान बताई, जिसके बाद वन विभाग की टीम ने चार शिकारियों को गिरफ्तार किया। अभिरक्षा में पूछताछ के दौरान सभी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। गिरफ्तार किए गए शिकारियों में सूरज भारिया (21), नोहर कोल (25), सुखलाल भैना (32) और हीरालाल कोल (38) शामिल हैं, जो सभी जैतहरी के निवासी हैं। जंगली सूअर का शिकार के लिए लगाया था करंट शिकारियों ने बताया कि उन्होंने जंगली सूअर का शिकार करने के लिए बिजली के करंट वाले तार लगाए थे, जिसमें तेंदुआ फंस गया और उसकी मौत हो गई। डर के कारण, उन्होंने मृत तेंदुए को घसीटकर वन विभाग द्वारा खोदी गई एक खाई में फेंक दिया। साथ ही, तार, बांस की खूंटी और अन्य सामग्री को नदी के दूसरी ओर जंगल में छिपा दिया था। वन विभाग की टीम ने अपराधियों को साथ ले जाकर घटना स्थल और सामान छिपाने वाले स्थान की शिनाख्त करवाई। इसके बाद शिकार में इस्तेमाल की गई सामग्री जब्त की गई और मौका पंचनामा तैयार किया गया। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर भेजा जेल सभी अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर अनूपपुर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जिला जेल अनूपपुर भेज दिया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *