अमृतसर |शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का गलत इस्तेमाल करके सचखंड श्री हरमंदर साहिब की गलत तस्वीर बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने पर कड़ा संज्ञान लिया है। एसजीपीसी प्रधान एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी के निर्देश पर सचिव प्रताप सिंह की ओर से साइबर क्राइम सैल में दर्ज कराई शिकायत में आरोपियों की पहचान करके सख्त कार्रवाई करने की मांग की गई है। कमेटी सचिव ने कहा कि सचखंड श्री हरमंदर साहिब सिख समुदाय का केंद्रीय आध्यात्मिक स्थल है, जहां से पूरी मानवता को एकता का संदेश हासिल होता है। इस पवित्र स्थल की गलत तरीके से पेश की गई तस्वीरों से सिखों की भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है। ऐसी हरकतें पहले भी कई बार हो चुकी हैं, जिसमें कमेटी की ओर से साइबर क्राइम सैल में शिकायत करने के बावजूद कोई एक्शन नहीं लिया गया है।


