शुक्रवार रात करीब साढ़े 11 बजे शहर की एक मिठाई की दुकान पर फायरिंग करने वाले गैंगस्टर का पुलिस ने एनकाउंटर कर दिया जबकि उसका दूसरा साथी मौके से फरार हो गया। रात करीब साढ़े 11 बजे के करीब बंगा रोड पर स्थित होटल ग्रैंड के पीछे यह एनकाउंटर किया गया। एनकाउंटर में आरोपी के पैर में दो गोलियां लगी हैं। देर रात को ही आरोपी को नवांशहर के सरकारी अस्पताल में इलाज के लिए दाखिल करवाया गया। एसएसपी नवांशहर तुषार गुप्ता ने बताया कि पिछले कई माह से शहर के एक व्यापारी को थ्रेट कॉल आ रही थी। उसकी दुकान पर फायरिंग भी की गई थी। फिर से उसे धमकी भरे काल आ रहे थे, जिसकी जानकारी पुलिस को थी व पुलिस ने इस मामले को पूरी तरह जांच के घेरे में ले रखा था। शुक्रवार को लुधियाना में एक वारदात हुई थी। यह उसी गैंगस्टर के गुर्गे थे जोकि नवांशहर के व्यापारी को पिछले लंबे समय से पैसों के लिए धमकी दे रहा था। इसके बाद उन्हें शक था कि वह नवांशहर के व्यापारी पर फिर से हमला कर सकते हैं। पुलिस की कई टीमों को सतर्क किया गया था। उन्होंने कहा कि व्यापारी को पिछले कई माह से एक गनमैन भी दिया गया था। रात के समय आरोपियों की ओर से दुकान पर फायर करने की कोशिश करने से पहले ही आरोपियों का पीछा किया गया। होटल ग्रैंड के पीछे आरोपितों की ओर से पुलिस पर तीन चार फायर किए गए, जिसके जवाब में पुलिस की फायरिंग में एक आरोपी के पैरों दो गोलियों लगीं, जबकि उसका दूसरा साथी फरार हो गया।


