मुल्लांपुर दाखा | लुधियाना–फिरोजपुर रोड पर गांव बद्दोवाल के पास आईटीबीपी कैंप के सामने स्थित रॉयल लिमोज कार शोरूम पर शनिवार सुबह अंधाधुंध फायरिंग की गई। बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने सुबह करीब 10:30 बजे इस वारदात को अंजाम दिया। फायरिंग में शोरूम के बाहर खड़ी महंगी कारें गोलियां लगने से क्षतिग्रस्त हो गईं, हालांकि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। फायरिंग से मर्सिडीज और रेंज रोवर कारों के आगे के शीशों के अलावा शोरूम के कांच के गेट पर भी गोलियां लगीं। फायरिंग करने वालों ने शोरूम के बाहर पवन शौकीन और मोहब्बत रंधावा के नाम लिखी पर्चियां फेंकीं और मोटरसाइकिल पर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सब-डिवीजन दाखा के डीएसपी वरिंदर सिंह खोसा, थाना प्रमुख हमराज सिंह चीमा और सीआईए इंचार्ज अमृतपाल सिंह पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ली है। अनसुलझे सवाल: नहीं मांगी फिरौती, जिम्मेदारी भी नहीं ली फायरिंग की घटना में कई सवाल अनसुलझे हैं, जिनकी जांच के बाद फायरिंग के पीछे वजह सामने आएगी। डीएसपी वरिंदर सिंह खोसा ने बताया कि वीडियो में एक बदमाश बाइक से उतरकर शोरूम और वहां खड़ी गाड़ियों पर गोलियां चलाता है, जबकि दूसरा साथी मोटरसाइकिल के साथ खड़ा था। फायरिंग के बाद युवक पैदल भागता नजर आता है। पर्चियां फेंकने के बाद दोनों व्यक्ति बाइक पर मुल्लांपुर की ओर फरार हो गए। {शोरूम मालिकों के मुताबिक उनकी किसी से रंजिश नहीं है। {उन्हें किसी से कोई फिरौती की कॉल भी नहीं आई। {पर्चियों में लिखे नाम से उनका कोई संबंध नहीं। {अब तक किसी गैंग ने फायरिंग करवाने की नहीं ली जिम्मेदारी। मुल्लांपुर दाखा की घटना, लग्जरी कारों, ऑफिस को बनाया निशाना 7-8 राउंड फायर किये: रॉयल लिमोज शोरूम के मालिक परमिंदर, तलविंदर समेत तीन साझेदार हैं। शोरूम के कर्मचारी सतनाम सिंह, निर्मल सिंह और गुरप्रीत सिंह ने बताया कि शनिवार वे सुबह गाड़ियां बाहर निकाल रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार युवक आए और 7 से 8 राउंड फायर किए। गोलियां शोरूम परिसर में खड़ी गाड़ियों और कांच में लगीं।


