पॉलिटिकल रिपोर्टर| रांची मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत कांग्रेस ने पूरे राज्य में अभियान छेड़ दिया है। पार्टी की ओर से कहा गया कि कांग्रेस संघर्षों को निर्णायक परिणाम तक ले जाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जब तक मोदी सरकार द्वारा मनरेगा पर बुलडोजर चलाकर छीने गये काम के अधिकार, आजीविका और जवाबदेही को पूरी तरह बहाल नहीं किया जाता, तब तक कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। झारखंड के सभी जिलों में शनिवार को संवाददाता सम्मेलन के साथ मनरेगा बचाओ संग्राम की शुरुआात कर दी गई। इस कड़ी में रांची में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने प्रेस वार्ता की। इस दौरान कार्यकारी अध्यक्ष शहजादा अनवर और महानगर अध्यक्ष कुमार राजा भी थे। प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने बताया कि रविवार को राज्य के सभी जिलों में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष एक दिवसीय उपवास कार्यक्रम किया जा रहा है।


