धुर्वा थाना क्षेत्र के मौसीबाड़ी स्थित मल्लार कोचा से अपहृत नाबालिग भाई-बहन की तलाश में रांची पुलिस एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) का इस्तेमाल करेगी। अपहृत भाई-बहन की तलाश में गुप्तचरों के अलावा टेक्निकल टीम व एसआईटी के फेल होने के बाद पुलिस के वरीय अधिकारियों ने एआई की मदद लेने का फैसला किया है। इसके लिए सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। 5 दरोगा की एक टीम बनाई गई है जिसे एआई से संदिग्ध की तलाश करने का जिम्मा दिया गया है। एआई की मदद से संदिग्धों की पहचान करने के बाद पुलिस को वहां तक पहुंचने में टेक्निकल टीम भी मदद करेगी। इसके लिए अलग-अलग पुलिस पदाधिकारियों को जिम्मेवारी दी गई है। टीम की मॉनिटरिंग एसएसपी व सिटी एसपी कर रहे हैं आैर संदिग्ध की तलाश में जुटे पुलिस पदाधिकारियों को लगातार दिशा-निर्देश दे रहे हैं। मालूम हो कि 2 जनवरी की शाम लगभग 4 बजे मल्लार कोचा स्थित अपने घर से 7 साल का अंश कुमार अपनी 6 साल की बहन अंशिका कुमारी के साथ दुकान गया था। इसके बाद ही दोनों का अज्ञात द्वारा अपहरण कर लिया गया जिसके बाद पीड़ित परिजनों ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। अपहृत बच्चे की तलाश में पुलिस आकाश से लेकर पानी तक में सर्च अभियान चला चुकी है, लेकिन सभी जगह से निराशा ही हाथ लगी है। क्या मेथेडोलॉजी अपनाएगी पुलिस आदित्य साहु ने दिया 2 दिनों का अल्टीमेटम भाजपा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहु, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी आैर रांची महानगर भाजपा जिला अध्यक्ष वरुण साहू समेत कई लोग शनिवार को पीड़ित परिजनों से मिले और मामले की पूरी जानकारी ली। साहु ने पुलिस को 2 दिनों का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि सोमवार तक बरामदगी नहीं होती है तो पार्टी के कार्यकर्ता एसएसपी कार्यालय का घेराव करेंगे। समाज और क्षेत्र के लोगों में भारी आक्रोश मामले पर आक्रोशित लोगों ने शनिवार की शाम मौसीबाड़ी से बिरसा चौक तक अंश-अंशिका बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले मशाल जुलूस निकाला। आक्रोशित लोगों ने रविवार को धुर्वा बंद की घोषणा की है। समिति के संयोजक सह राजद नेता कैलाश यादव ने कहा कि पुलिस की विफलता को लेकर समाज और क्षेत्र के लोगों में भारी आक्रोश है। मौसीबाड़ी में पुलिस ने ली घर-घर तलाशी बच्चे की तलाश में पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। तालाब और कुएं के अलावा सुखी झाड़ियों को हटाकर भी जांच की जा रही है। मौसीबाड़ी इलाके में रहने वाले शराबियों का सत्यापन किया गया है। सुनसान जगह पर नशा करने वालों से भी पूछताछ की गई है। हालांकि अपहृत बच्चे की जानकारी होने से सभी ने साफ इंकार किया है। पुलिस ने कई घरों की तलाशी भी ली है। अपह्रत बच्चों की सकुशल बरामदगी की मांग को लेकर लोगों ने निकाला मशाल जुलूस।


