लुधियाना। सतीश चंद्र धवन सरकारी कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय विशेष शिविर का चौथा दिन शारीरिक व मानसिक तंदुरुस्ती, विश्व हिन्दी दिवस और पोस्टर मेकिंग गतिविधियों पर केंद्रित रहा। शिविर कॉलेज प्रिंसिपल प्रोफेसर (डॉ) गुरशरण जीत सिंह संधू के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है। दिन की शुरुआत प्रातः कालीन व्यायाम से हुई, जिससे स्वयंसेवकों में स्वस्थ जीवनशैली और अनुशासन के प्रति जागरूकता बढ़ी। इसके बाद लक्ष्य गीत के माध्यम से सेवा भावना को मजबूत किया गया। विश्व हिन्दी दिवस के अवसर पर स्वयंसेवकों ने हिन्दी भाषा के महत्व और राष्ट्रीय एकता में इसकी भूमिका पर विचार साझा किए। मुख्य वक्ता विशाल जैन ने नशामुक्त समाज और विकसित भारत पर प्रेरक संबोधन दिया। इसके बाद पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। स्वयंसेवकों ने स्वामी विवेकानंद केंद्र का भ्रमण कर ध्यान योग का अभ्यास भी किया।


